लाल निशान पर खुला बाजार: सेंसेक्स 1191 अंक टूटा, निफ्टी 22500 के नीचे फिसला

Monday, March 30, 2026 - 11:29
0
लाल निशान पर खुला बाजार: सेंसेक्स 1191 अंक टूटा, निफ्टी 22500 के नीचे फिसला

नई दिल्ली (आरएनआई) हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। वैश्विक तनाव और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के दबाव में बाजार लाल निशान पर खुला। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 1,191.24 अंक टूटकर 72,391.98 पर आ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 349.45 अंक गिरकर 22,470.15 पर पहुंच गया, जो 22,500 के अहम स्तर से नीचे है।

इससे पहले शुक्रवार को भी बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। सेंसेक्स 1,690.23 अंक गिरकर 73,583.22 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 486.85 अंक टूटकर 22,819.60 पर बंद हुआ था।

विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक बाजारों में अस्थिरता बनी हुई है, जिसका सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर पड़ रहा है। इसके साथ ही विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली ने बाजार की कमजोरी को और बढ़ा दिया है। मार्च महीने में विदेशी निवेशकों ने घरेलू बाजार से करीब 1.14 लाख करोड़ रुपये की निकासी की है, जो अब तक का सबसे बड़ा मासिक बहिर्वाह माना जा रहा है।

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई। वहीं भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, पावर ग्रिड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में कुछ बढ़त दर्ज की गई।

एशियाई बाजारों का रुख भी मिला-जुला रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक गिरावट में रहे, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट मामूली बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा।

अमेरिकी बाजारों में भी शुक्रवार को भारी गिरावट दर्ज की गई थी। नैस्डैक 2.15 प्रतिशत, डाउ जोन्स 1.73 प्रतिशत और एसएंडपी 500 में 1.67 प्रतिशत की गिरावट आई थी, जिसका असर सोमवार को भारतीय बाजारों पर भी दिखाई दिया।

रुपये में हालांकि शुरुआती कारोबार में थोड़ी मजबूती देखने को मिली और यह डॉलर के मुकाबले 128 पैसे मजबूत होकर 93.57 पर पहुंच गया। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 2.32 प्रतिशत गिरकर 115.3 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई।

विशेषज्ञों का मानना है कि भू-राजनीतिक तनाव, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और वैश्विक अनिश्चितता के चलते आने वाले दिनों में बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User