लखीमपुर खीरी में ग्रामीण के घर में घुसा तेंदुआ, दहशत के बीच वन विभाग ने लगाया पिंजरा
लखीमपुर खीरी के सिसैया गांव में रविवार देर रात एक तेंदुआ घुस आने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ गांव निवासी नाजिम अली के घर की भुसैली (भूसा रखने की जगह) में जाकर छिप गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरी रात रेस्क्यू अभियान चलाया।
ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुए के दिखाई देते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। शोर-शराबे के बीच तेंदुआ भागकर भुसैली में घुस गया, जिसके बाद पूर्व प्रधान हुसैन खां ने वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय वनाधिकारी अशोक कुमार श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
वन विभाग ने भुसैली के चारों ओर घेराबंदी कर पिंजरा और जाल लगाया। तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में भूसा भरे कमरे में पानी भी डलवाया गया, ताकि गर्मी के कारण उसे कोई नुकसान न पहुंचे। इसके बावजूद सोमवार दोपहर तक तेंदुआ बाहर नहीं निकला।
वन विभाग ने एहतियात के तौर पर ग्रामीणों से भुसैली के आसपास भीड़ न लगाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। क्षेत्रीय वनाधिकारी अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तेंदुआ ग्रामीणों के शोर और डर की वजह से भुसैली में बैठा हुआ है। उसे सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए विशेषज्ञों की टीम भी बुलाई गई है और वन विभाग लगातार उसकी निगरानी कर रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)