लखनऊ: अखिलेश यादव का आरोप— भाजपा कारोबारियों को डरा-धमका रही, अब दालमंडी को निशाने पर लिया

Nov 21, 2025 - 16:06
 0  54
लखनऊ: अखिलेश यादव का आरोप— भाजपा कारोबारियों को डरा-धमका रही, अब दालमंडी को निशाने पर लिया

लखनऊ (आरएनआई)। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में व्यापारी खुलकर अपनी बात नहीं कह पा रहे हैं, क्योंकि सरकार उन्हें डरा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अभिव्यक्ति का अधिकार है, लेकिन भाजपा शासन में भय का माहौल पैदा किया जा रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नीति है कि लोगों को इतना डरा दो कि वे सवाल ही न पूछ सकें। उन्होंने कहा कि सरकार का काम लोगों की आवाज दबाना नहीं, बल्कि उन्हें सुनना होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब वाराणसी की मशहूर दालमंडी पर नजर गड़ाए हुए है और चौड़ीकरण के नाम पर दुकानदारों की आजीविका छीनने की साजिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि दालमंडी में एक-एक दुकान तैयार करने में वर्षों लग जाते हैं, जबकि सरकार पल भर में उन्हें गिराने की कोशिश कर रही है। यह कोई विकास योजना नहीं, बल्कि राजनीतिक बदले की कार्रवाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जिस सीट पर चुनाव नहीं जीत पाती, वहां डिमोलिशन को हथियार बनाकर व्यापारियों पर दबाव बनाया जा रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वाराणसी को क्योटो बनाने का वादा करने वाली भाजपा अब लोगों को परेशान करने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि दुकानों को उजाड़कर नई जगह देने की बात तो की जाती है, पर ग्राहक कहां से मिलेंगे? यही बात सरकार समझना ही नहीं चाहती।

अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि लखनऊ और अन्य शहरों में भी इसी तरह के ध्वस्तीकरण किए गए हैं। अधिकारियों को बुलडोजर चलाने के लिए प्रयोग किया जा रहा है, लेकिन समय आएगा तो इसकी वसूली उन्हीं अधिकारियों से होगी। उन्होंने कहा कि जनता दुख झेलेगी, तो भाजपा को चुनाव में हार भी झेलनी पड़ेगी।

उन्होंने वाराणसी मेट्रो परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी डीपीआर समाजवादी सरकार ने बनाई थी, लेकिन भाजपा ने इसे वर्षों तक रोककर रखा। मॉल और सरकारी संसाधन बेचने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ बेचने और विनाश करने की राजनीति कर रही है।

प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अपराध और अपहरण की घटनाओं पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। उन्होंने कहा कि न व्यापारी सुरक्षित हैं और न बेटियां। भाषणों और दावों के बीच, जमीन पर अपराध बढ़ते जा रहे हैं, जो सरकार की नाकामी को उजागर करते हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.