योगी बोले– नौ वर्ष के नवनिर्माण की कहानी है बजट, रूल ऑफ लॉ ही वास्तविक विकास की गारंटी
लखनऊ (आरएनआई) उत्तर प्रदेश विधानसभा में पेश किए गए 9.12 लाख करोड़ रुपये के बजट को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते नौ वर्षों के नवनिर्माण की गाथा बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट निवेश, रोजगार, बुनियादी ढांचे के विकास और कल्याणकारी योजनाओं पर केंद्रित है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के भविष्य को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण कमजोर था और पर्यटन की कोई ठोस व्यवस्था नहीं थी, लेकिन आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। अब करोड़ों श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के धार्मिक स्थलों पर दर्शन के लिए आ रहे हैं। पर्यटन को और बढ़ावा देने के लिए 50 हजार नए होम-स्टे विकसित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि चिकित्सा क्षेत्र में भी प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है और प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के तहत यूपी में पांच करोड़ से अधिक लोगों को गोल्डन कार्ड दिए जा चुके हैं। दिव्यांग छात्राओं के लिए ई-ट्राइसाइकिल की सुविधा भी शुरू की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश के ग्रोथ इंजन के रूप में आगे बढ़ रहा है।
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि ईक्यूब के माध्यम से महिला सुरक्षा बल की भागीदारी 13 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत हो गई है। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ब्याजमुक्त क्रेडिट कार्ड योजना लाई जाएगी, जिससे वे छोटे कार्यों के लिए बिना किसी पर निर्भरता के ऋण ले सकें। इसके लिए बजट में प्रावधान किया गया है। युवाओं को ध्यान में रखते हुए प्रदेश की सभी 18 कमिश्नरी में स्पोर्ट्स कॉलेज खोले जाएंगे। साथ ही हर ग्राम पंचायत स्तर पर ओपन जिम, मिनी स्टेडियम और खेलो इंडिया कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि चार चीनी मिलों की क्षमता बढ़ाने के प्रावधान किए गए हैं और अवस्थापना व औद्योगिक विकास के लिए भी बजट में पर्याप्त व्यवस्था की गई है। गंगा एक्सप्रेसवे के विस्तार की घोषणा की गई है। युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए टैबलेट वितरण की योजना जारी रहेगी। आईटी सेक्टर में एआई मिशन, डेटा सेंटर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जैसी कई अहम घोषणाएं की गई हैं।
शिक्षा क्षेत्र पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्मार्ट विद्यालय, अटल आवासीय विद्यालय पहले से संचालित हैं और अब सीएम आवासीय विद्यालयों के लिए भी बजट में व्यवस्था की गई है। परिषदीय, माध्यमिक और उच्चतर विद्यालयों के शिक्षकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा भी बजट का हिस्सा है।
किसानों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता देश की अर्थव्यवस्था की धुरी हैं। किसान केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास का आधार हैं। सरकार उन्हें उद्यमी बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगी। ट्यूबवेलों को मुफ्त बिजली दी जा रही है और कुसुम योजना का लाभ भी किसानों को मिलेगा। गन्ना खेती के साथ दलहनी और तिलहनी सहफसली खेती को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके। इसके लिए बजट में प्रावधान किया गया है।
उन्होंने नोएडा एयरपोर्ट के विकास, अन्न भंडारण क्षमता बढ़ाने और बड़े गोदामों के निर्माण पर सब्सिडी देने की योजनाओं का भी जिक्र किया। पशुओं के स्वास्थ्य के लिए बीमा योजना लाई जा रही है, जिसमें बीमा प्रीमियम का 50 प्रतिशत तक सरकार वहन करेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस बजट में समाज के हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। बीते नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को लेकर लोगों की धारणा बदली है। युवाओं की ग्रोथ और रोजगार पर विशेष फोकस किया जा रहा है। एमएसएमई, कौशल विकास और रोजगार सृजन के माध्यम से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जन विश्वास के सिद्धांत पर चलते हुए निवेशकों को सिंगल विंडो सुविधा दी जा रही है और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में उत्तर प्रदेश ने उल्लेखनीय सुधार किया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, रूल ऑफ लॉ ही वास्तविक विकास की गारंटी है और आज उत्तर प्रदेश सुरक्षा और विकास दोनों की गारंटी दे रहा है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)