योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत, युवाओं को नशामुक्त एवं अनुशासित जीवन का मार्ग दिखाता है : नितिन अग्रवाल
हरदोई। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम हरदोई में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के आबकारी (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री नितिन अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर योगाभ्यास किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी अनुनय झा, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन अग्रवाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसने आज पूरे विश्व में अपनी अलग पहचान स्थापित की है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से योग आज वैश्विक जनआंदोलन बन चुका है और विश्व के अनेक देशों में बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। योग स्वस्थ भारत, सशक्त भारत और विकसित भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और नशामुक्त, अनुशासित एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
जिलाधिकारी अनुनय झा ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का साधन नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मसंयम और संतुलित जीवन शैली का भी आधार है। उन्होंने कहा कि यदि योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल किया जाए तो अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। स्लोगन प्रतियोगिता की विजेता अनु तथा चाट मेकिंग प्रतियोगिता की विजेता पल्लवी सहित योगासन एवं अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा जनपद यूथ आइकन को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।
समापन अवसर पर नितिन अग्रवाल ने खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए तथा सभी प्रतिभागियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए नियमित योग करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी विभागों, योग प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुख सागर मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (राजस्व) दीपाली भार्गव, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)