यूक्रेन के ड्रोन हमले से भड़का रूस, कीव पर बड़े हमलों की चेतावनी; विदेशी नागरिकों को शहर छोड़ने की सलाह

May 26, 2026 - 10:58
 0  0
यूक्रेन के ड्रोन हमले से भड़का रूस, कीव पर बड़े हमलों की चेतावनी; विदेशी नागरिकों को शहर छोड़ने की सलाह

यूक्रेन के घातक ड्रोन हमले के बाद रूस और अधिक आक्रामक हो गया है। रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव में रक्षा और सैन्य ठिकानों पर लगातार बड़े हमले करने की चेतावनी दी है। साथ ही मॉस्को ने विदेशी नागरिकों, राजनयिक मिशनों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के कर्मचारियों को जल्द से जल्द शहर छोड़ने की सलाह भी दी है।

दरअसल, हाल ही में रूस के स्टारोबिस्क क्षेत्र में यूक्रेन ने बड़ा ड्रोन हमला किया था, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 42 अन्य घायल हुए थे। इस हमले के बाद रूस ने सख्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि उसकी सेना अब कीव में उन रक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बना रही है, जहां ड्रोन का डिजाइन, निर्माण और संचालन किया जाता है।

रूसी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि यूक्रेन नाटो विशेषज्ञों की मदद से ड्रोन हमलों को अंजाम दे रहा है। मंत्रालय के अनुसार नाटो से जुड़े विशेषज्ञ यूक्रेन को तकनीकी सहायता, टोही जानकारी और लक्ष्य संबंधी डेटा उपलब्ध करा रहे हैं। रूस ने दावा किया कि कीव में कई सैन्य और प्रशासनिक ढांचे शहरभर में फैले हुए हैं, इसलिए आम नागरिकों को इन स्थानों से दूर रहने की जरूरत है।

रूस ने कीव के निवासियों से अपील की है कि वे यूक्रेनी सरकार के सैन्य और प्रशासनिक ठिकानों के आसपास न जाएं। वहीं विदेशी नागरिकों को तुरंत शहर खाली करने की सलाह दी गई है। इस चेतावनी के बाद कीव में तनाव और चिंता का माहौल बढ़ गया है।

हाल के महीनों में यूक्रेन ने अपनी ड्रोन युद्ध क्षमता को काफी मजबूत किया है और रूस के ऊर्जा तथा सैन्य ढांचे को कई बार निशाना बनाया है। दूसरी ओर रूस इन हमलों को आतंकवादी कार्रवाई बताते हुए जवाब में बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहा है। रूस-यूक्रेन युद्ध के लगातार खतरनाक होते हालात अब पूरे क्षेत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.