मानवीय संवेदनाओं की मिसाल बनी गुना पुलिस, बिछड़ी 4 वर्षीय मासूम को दो घंटे की मशक्कत के बाद परिजनों से मिलाया

Wednesday, July 15, 2026 - 19:42
Updated: 3 months ago
0
मानवीय संवेदनाओं की मिसाल बनी गुना पुलिस, बिछड़ी 4 वर्षीय मासूम को दो घंटे की मशक्कत के बाद परिजनों से मिलाया

गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के संवेदनशील एवं मानवीय नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में पूरी मुस्‍तैदी, सजगता एवं कर्तव्‍यनिष्‍ठा से कार्यवाहियां की जा रहीं हैं । इसी तारतम्‍य में अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मागर्दशन एवं प्रभारी सीएसपी गुना आनंद राय के पर्यवेक्षण में केंट थाना पुलिस द्वारा तत्परता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए परिजनों से बिछडी एक मासूम बालिका को सकुशल उसके परिजनों से मिलाकर मानवता की मिसाल पेश की ।

               उल्लेखनीय है कि 14 जुलाई की शाम के समय श्री हनुमान टेकरी पर लगभग चार साल की एक बालिका के अकेले एवं लावारिस स्थिति में भटकने की सूचना पर कैंट थाने से उपनिरीक्षक ज्योति राजपूत तथा डायल 112 का पुलिस दल तत्काल मौके पर पहुंचा और बालिका को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया । बालिका घबराई हुई थी और जो अपना नाम-पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही थी ।

               इसके बाद पुलिस टीम ने बालिका को साथ लेकर टेकरी परिसर एवं आसपास स्थित कालोनियों में घूमकर स्थानीय लोगों से पूछताछ कर बालिका के परिजनों के संबंध में जानकारी जुटाई तथा इसमें हरसंभव प्रयास किए गए जिसके परिणाम स्वरुप लगभग दो घंटे के कडी मशक्कत के बाद अंततः पुलिस को बालिका के परिजनों की जानकारी प्राप्त हुई तदोपरांत पुलिस द्वारा बालिका के घर पहुंचकर उसे सकुशल उसके परिजनों को सुपुर्द किया गया । परिजन भी अपनी गुम हुई बालिका की लगातार तलाश कर रहे थे, जिसे सकुशल सामने देखकर माता-पिता भावुक हो गए और उन्होंने गुना पुलिस की मानवीय कार्यवाही के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया ।

               कैंट थाना पुलिस की इस सराहनीय एवं मानवीय कार्यवाही में उपनिरीक्षक ज्योति राजपूत, प्रधान आरक्षक लखन किरार, आरक्षक विनोद धाकड, आरक्षक रवि ओझा एवं पायलट विशाल सेंगर की विशेष एवं प्रशंसनीय भूमिका रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User