मथुरा: सीवर सफाई के लिए टैंक में उतरे दो सफाईकर्मियों की जहरीली गैस से मौत
वृंदावन (आरएनआई) केशव धाम के पास बुर्जा चौराहे पर शनिवार को हुए हादसे में दो सफाईकर्मियों की सीवर सफाई के दौरान मौत हो गई। दोनों मजदूर बिना किसी सुरक्षा उपकरण के सीवर चेंबर में उतरे थे, जहां जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नगर निगम द्वारा ठेके पर सीवर सफाई का कार्य चल रहा था। शनिवार सुबह छोटेलाल और नरेंद्र चेंबर में सफाई के लिए उतरे थे। सीवर में पहले से जमा जहरीली गैस के कारण दोनों का दम घुट गया और वे मौके पर ही अचेत हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने दोनों को बाहर निकाला और ई-रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
हादसे की खबर सुनकर दोनों मृतकों के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने हंगामा किया। मृतक नरेंद्र के जीजा जयसिंह ने बताया कि जब वह घटनास्थल पर पहुंचे तो दोनों लोग बेहोश पड़े थे। उन्होंने सीपीआर देने की कोशिश की और फिर दोनों को अस्पताल लाए। अस्पताल में डॉक्टरों ने थोड़ी देर में दोनों को मृत घोषित कर दिया। जय सिंह ने बताया कि सफाई में तीसरा युवक भी साथ था वो बच गया है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल पाया था।
जयसिंह और अन्य परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सफाई के लिए न तो कोई गैस मास्क दिया गया और न ही सुरक्षा किट। दोनों मजदूरों को सीधे सीवर में उतार दिया गया जो जानलेवा साबित हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। सीओ संदीप सिंह सहित कई थानों की पुलिस और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। नगर आयुक्त जग प्रवेश और अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक ने परिजन से मुलाकात कर संवेदना जताई और उन्हें न्याय का आश्वासन दिया। सीओ संदीप सिंह ने बताया कि ठेकेदार को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
इस हादसे ने दो परिवारों को उजाड़ दिया है। मृतक नरेंद्र के चार बेटियां हैं, जबकि छोटेलाल तीन बच्चों के पिता थे। अचानक हुई इस दुर्घटना से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन रो-रो कर बेहाल है और उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद प्रशासन से है। परिजन ने कहा कि यह हादसा नगर निगम और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



