बेनीगंज में दुस्साहसिक वारदात, आटा पिसाकर कर घर लौट रहे अधेड़ को बदमाशों ने मारी गोली, एसपी ने घटना स्थल का किया निरीक्षण

Monday, June 22, 2026 - 11:29
Updated: 1 month ago
0

हरदोई (आरएनआई) थाना बेनीगंज क्षेत्र के ग्राम घरौली में रविवार देर शाम हुई फायरिंग की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आटा पिसवाकर घर लौट रहे एक अधेड़ को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।

जानकारी के अनुसार ग्राम घरौली निवासी पलविंदर सिंह (55) पुत्र लखवीर सिंह रविवार शाम करीब आठ बजे पास के गांव अटवा मुठिया स्थित आटा चक्की से आटा पिसवाकर मोटरसाइकिल से वापस अपने घर लौट रहे थे। जब वह अपने झाले के पास पहुंचे, तभी मोटरसाइकिल सवार कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली उनके सीने के दाहिने हिस्से में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल हरदोई रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उनका उपचार जारी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हरदोई अशोक कुमार मीणा ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें निष्पक्ष एवं न्यायोचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। एसपी ने पुलिस टीमों को हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

पुलिस के अनुसार घायल और उनके परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त होने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी हुई है।

इस दुस्साहसिक वारदात के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस का दावा है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User