बस परिचालक से अभद्रता पड़ी भारी, सिपाही निलंबित

Monday, June 22, 2026 - 11:30
Updated: 1 month ago
0

हरदोई (आरएनआई)। थाना बघौली में बस परिचालक के साथ अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आने पर पुलिस अधीक्षक ने कड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित मुख्य आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले का संज्ञान लिया।

पुलिस के अनुसार 21 जून 2026 को परिवहन विभाग के पीटीओ द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। अभियान के दौरान एक बस पकड़ी गई, जिसमें निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां भरी हुई थीं। कार्रवाई करते हुए बस को सीज कर चालक के माध्यम से थाना बघौली लाया गया।

बताया गया कि थाना परिसर में बस खड़ी करने को लेकर चालक और परिचालक की ओर से विरोध किया जा रहा था। इसी दौरान थाना बघौली में तैनात मुख्य आरक्षी कृष्ण कुमार और बस परिचालक के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि मुख्य आरक्षी द्वारा परिचालक के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल होने लगा।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक हरदोई ने तत्काल जांच कराई और प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर मुख्य आरक्षी कृष्ण कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का संज्ञान लिया गया है। पुलिस विभाग आमजन के साथ अनुचित व्यवहार और अनुशासनहीनता को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं करता है। जांच के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User