बरेली में जुमे की नमाज को लेकर हाई अलर्ट, ड्रोन निगरानी और 8500 फोर्स तैनात
बरेली (आरएनआई) बरेली में जुमे की नमाज को देखते हुए इंटरनेट सेवा शनिवार तक बंद कर दी गई है। पुलिस-प्रशासन की ओर से हाई अलर्ट भी जारी किया गया है। ड्रोन से छतों को खंगाला जा रहा है। शहर में पुलिस-पीएसी और आरआरएफ के 8500 जवान तैनात किए गए हैं। शहर को चार सुपर जोन और चार स्पेशल जोन में बांटा गया है।
जामा मस्जिद में सकुशल नमाज संपन्न हुई। मीडिया पर अंदर जाने के लिए प्रतिबंध लगाया गया। दो बार हुई कि लोग अपील नमाज पढ़कर अपने अपने घरों को जाएं।
बवाल में शामिल आरोपियों और उनके मददगार लोगों की सौ से अधिक संपत्तियां चिह्नित की जा चुकी हैं। इसमें मौलाना के करीबी और इस मामले में गिरफ्तार आईएमसी के प्रवक्ता रहे डॉ. नफीस और जिलाध्यक्ष रहे नदीम खान की संपत्तियां भी हैं। डॉ. नफीस का जखीरा में मकान है और नदीम खान का बिहारीपुर में है। झुमका तिराहे के निकट में नदीम की एक कॉलोनी बताई गई है। इन संपत्तियों के रिकॉर्ड खंगाले गए हैं। अगर निर्माण मानचित्र की शर्तों के विपरीत मिला तो कार्रवाई की जाएगी। बीडीए इस मामले में रिकॉर्ड खंगालने के साथ विधिक पक्ष का भी आकलन कर रहा है।
मौलाना तौकीर रजा खां बवाल के दिन बीते शुक्रवार को फरहत के घर पर था। पुलिस-प्रशासन ने फरहत के घर से ही मौलाना को गिरफ्तार किया था। अगले दिन फरहत और उसका बेटा भी गिरफ्तार किया गया। बीडीए के उपाध्यक्ष मनिकंडन ए ने कहा है कि जो बवाल के आरोपी हैं उन पर पुलिस और प्रशासन के स्तर से कार्रवाई हो रही है। कानून व्यवस्था भंग करने में जिनके नाम सामने आए हैं, उनकी संपत्तियों को चिह्नित किया गया है। जांच-पड़ताल के साथ कार्रवाई की जा रही है।
बरेली में मौलाना तौकीर रजा खां को पनाह देने वाले उसके करीबी फरहत खां के फाइक एन्क्लेव स्थित मकान को बीडीए आज सील करेगा। बीडीए ने बारादरी थाना पुलिस के जरिये बुधवार को फरहत के घर नोटिस तामील कराया था। नोटिस में मकान के निर्माण को अवैध ठहराते 3 अक्तूबर से पहले उसे खाली कराने की जिम्मेदारी पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने फरहत के परिजनों से मकान खाली करने के लिए कहा, लेकिन बृहस्पतिवार शाम तक खाली नहीं हुआ।
संभल में जामा मस्जिद में जुमे की नमाज को लेकर शुक्रवार को सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। सुबह से ही पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। मस्जिद के तीनों ओर बैरिकेडिंग कर पुलिस, पीएसी के जवान तैनात किए गए। जिले के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी फोर्स लगाई गई। बरेली बवाल और आई लव मोहम्मद प्रकरण के बाद से पुलिस की ओर से सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में इस बार भी चौकसी दिखाई दी। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि एहतियातन सख्ती बरती जा रही है, जबकि शहर का माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण है।
इतनी फोर्स रहेगी तैनात
- चार एसपी (जोन के दूसरे जिलों से आए आईपीएस अधिकारी)
- 19 एएसपी (बरेली में तैनात आईपीएस व वरिष्ठ पीपीएस अधिकारी)
- 29 सीओ
- 180 इंस्पेक्टर
- 550 दरोगा
- 4800 बरेली पुलिस के सिपाही व दीवान
- 2000 दूसरे जिलों से आए सिपाही व दीवान
- दस कंपनी पीएसी व आरआरएफ अनुमानित संख्या- 1200)
- 200 पुलिसकर्मी व खुफिया अमले के लोग सादा कपड़ों में भीड़ के बीच रहेंगे
चार सुपर जोन बनाए, एएसपी बनाए प्रभारी
जुमे पर सुरक्षा-2
चार सुपर जोन बनाए, एएसपी बनाए प्रभारी
1- मलूकपुर से बिहारीपुर ढाल
2- इस्लामिया मैदान से कुतुबखाना, नौ महला मस्जिद
3- कोहाड़ापीर से बांसमंडी, साहू गोपीनाथ
4- शाहदाना से ईंट पजाया, श्यामगंज व सिकलापुर
बवाल के दिनों से अब तक सोशल मीडिया व इंटरनेट के सहारे आधी अधूरी जानकारी व भ्रम फैलाने का भी काम किया जा रहा है। एसएसपी की सख्ती के बाद इस तरह का कंटेंट डालने वाले कुछ यूट्यूबर व कथित पत्रकारों को सोशल मीडिया सेल ने चिह्नित करना शुरू कर दिया है। एसएसपी ने बताया कि फिलहाल जो तीन यूट्यूबर चिह्नित किए गए हैं, उनमें दो हजियापुर के और एक फरीदपुर का है। इनके नाम भी मुकदमे में शामिल किए जा सकते हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



