बरगी डैम में बड़ा हादसा: 31 लोगों से भरा क्रूज डूबा, 4 की मौत, 12 लापता; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
जबलपुर के बरगी डैम में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब अचानक आए तेज आंधी-तूफान के कारण एक क्रूज पलटकर डूब गया। क्रूज में करीब 31 लोग सवार थे। हादसे में अब तक 4 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 15 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है और 12 लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।
जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के अनुसार, तेज हवाओं और खराब मौसम के चलते पानी में असंतुलन पैदा हुआ, जिससे क्रूज डगमगाकर पलट गया। यह क्रूज मध्य प्रदेश पर्यटन निगम द्वारा संचालित किया जा रहा था।
घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। प्रशासन, पुलिस और रेस्क्यू टीम लगातार लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं। राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए संबंधित मंत्रियों और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद दी जाएगी।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस घटना को बेहद पीड़ादायक बताते हुए प्रशासन से रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने और मामले की मजिस्ट्रेट जांच कराने की मांग की है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी अपील की है।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन का फोकस लापता लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकालने पर है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)