बंगाल में रेत माफियाओं पर ईडी का शिकंजा, कोलकाता से झाड़ग्राम तक कई ठिकानों पर छापेमारी
कोलकाता (आरएनआई)। पश्चिम बंगाल में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। राज्यभर में फैले रेत तस्करी नेटवर्क को निशाना बनाते हुए एजेंसी ने कई जिलों में एक साथ छापेमारी की। सुबह से शुरू हुई यह कार्रवाई देर शाम तक चली और इसे अब तक की सबसे सख्त कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।
ईडी की टीमों ने कोलकाता के बेंटिक स्ट्रीट, झाड़ग्राम जिले के दो ठिकानों और पश्चिम बर्धमान के आसनसोल में एक व्यवसायी के आवास और दफ्तरों पर छापे मारे। इसके अलावा बेहाला, साल्ट लेक सेक्टर-5, रीजेंट पार्क, बिधाननगर, कल्याणी और पश्चिम मिदनापुर में भी तलाशी अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान केंद्रीय अर्धसैनिक बलों को सुरक्षा के लिए तैनात किया गया था, ताकि किसी भी कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटा जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, आसनसोल के मुरुगाशोल क्षेत्र में एक रेत कारोबारी के घर से कुछ नकदी बरामद हुई है, हालांकि राशि की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ईडी अधिकारियों का कहना है कि संबंधित व्यापारी और उससे जुड़े नेटवर्क पर कई जिलों में अवैध रेत खदानें संचालित करने और करोड़ों रुपये के लेन-देन करने के आरोप हैं।
एजेंसी वित्तीय लेन-देन, दस्तावेज़ों, व्यापारिक रिकॉर्ड और संपत्तियों की गहन जांच कर रही है। व्यापारी पर सरकारी रेत घाटों में अनियमितताएं और धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) के गंभीर आरोप भी दर्ज हैं।
ईडी का यह अभियान अवैध रेत खनन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



