प्रदेश के साथ देश भर में हो गुना के गुलाब की महक, यही हमारा उद्देश्य – कलेक्टर श्री कन्याल

नजूल कॉलोनी पार्क में पौधारोपण, देशभक्ति गीत, नशा मुक्ति शपथ व जनभागीदारी ने कार्यक्रम को बनाया यादगार

Saturday, February 7, 2026 - 19:03
Updated: 6 months ago
0
प्रदेश के साथ देश भर में हो गुना के गुलाब की महक, यही हमारा उद्देश्य – कलेक्टर श्री कन्याल

गुना (आरएनआई) कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के मुख्य आतिथ्य में गुना शहर की नजूल कॉलोनी स्थित पार्क में आज पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्थानीय रहवासियों के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति एवं जनभागीदारी का प्रभावी संदेश दिया गया। 

कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय बच्चों द्वारा आकर्षक बैंड प्रस्तुति से हुई, जिसने पूरे माहौल को उत्साह से भर दिया। इसी दौरान एक बालक द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत ने उपस्थितजनों का मन मोह लिया और सभी ने भावुक होकर तालियों से उसका उत्साहवर्धन किया।

पौधारोपण उपरांत कलेक्टर ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि गुना तेजी से “गुलाबों के शहर” के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है। प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश में गुना के गुलाब की महक पहुंचे, यही हमारा उद्देश्य है। गुलाब प्रेम और खुशहाली का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि प्रत्येक घर में, चाहे गमले में ही क्यों न हो, एक गुलाब का पौधा अवश्य लगाएं। उन्होंने बताया कि शिक्षित युवा किसान पॉलीहाउस तकनीक के माध्यम से गुलाब की खेती कर एक एकड़ भूमि से लगभग 15 लाख रुपये तक की वार्षिक आय अर्जित कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर द्वारा लगाए गए गुलाब सहित अन्य पौधों की देखभाल को लेकर वार्डवासियों ने सामूहिक रूप से जिम्मेदारी ली। स्थानीय नागरिकों ने आश्वासन दिया कि लगाए गए सभी पौधों की नियमित देखभाल वे स्वयं करेंगे, ताकि पार्क हरियाली और स्वच्छता का आदर्श उदाहरण बन सके।

पार्क परिसर में नशा मुक्ति जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी संदेशों वाले पोस्टर भी लगाए गए, जिनकी कलेक्टर श्री कन्याल ने सराहना की और इसे जनजागरूकता की अच्छी पहल बताते हुए सबको नशा मुक्ति के लिए शपथ दिलाई।

इस अवसर पर सीएमओ सुश्री मंजुषा खत्री, उप संचालक उद्यान के.पी.एस. किरार सहित वार्डवासी एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User