पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच पीएम मोदी का शांति संदेश, यूएई राष्ट्रपति और इस्राइली पीएम से की बातचीत
नई दिल्ली (आरएनआई)। पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्षेत्रीय शांति और स्थिरता पर जोर देते हुए पहले शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और फिर बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने मौजूदा हालात की जानकारी ली और भारत की ओर से शांति की अपील दोहराई।
पश्चिम एशिया में हालात उस समय और गंभीर हो गए जब संयुक्त अरब अमीरात पर ईरान की ओर से हमले तेज हुए। इन घटनाओं ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर वैश्विक चिंता बढ़ा दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने दोनों नेताओं से अलग-अलग बातचीत में नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और तत्काल तनाव कम करने की आवश्यकता पर बल दिया।
यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने हमलों की कड़ी निंदा की और जान गंवाने वालों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत इस कठिन समय में यूएई के साथ मजबूती से खड़ा है। साथ ही यूएई में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वहां की सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना भी की। यूएई में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक रहते और काम करते हैं, जिनकी सुरक्षा को लेकर भारत सरकार लगातार संपर्क में है।
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत में भी प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्रीय हालात पर चिंता व्यक्त की और कहा कि सभी पक्षों को संयम बरतते हुए शांति बहाली की दिशा में कदम उठाने चाहिए। उन्होंने डी-एस्केलेशन पर जोर देते हुए संवाद और कूटनीतिक प्रयासों को प्राथमिकता देने की अपील की।
अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, हमलों में घायल एक भारतीय नागरिक का अस्पताल में उपचार किया गया है और उसकी स्थिति स्थिर है। दूतावास अस्पताल प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है तथा प्रभावित भारतीयों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
यूएई के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, हमलों में तीन लोगों की मौत हुई और 58 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। घायलों में विभिन्न देशों के नागरिक शामिल हैं। मंत्रालय ने बताया कि ईरान की ओर से 165 बैलिस्टिक मिसाइल, दो क्रूज मिसाइल और 541 ड्रोन दागे गए, जिनमें से अधिकांश को हवा में ही निष्क्रिय कर दिया गया। सुरक्षा एजेंसियां हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं और क्षेत्र में शांति बहाल करने के प्रयास जारी हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)