नोट गिनते-गिनते थकी सीबीआई, लेफ्टिनेंट कर्नल के घर से 2.23 करोड़ नकद बरामद, पत्नी पर भी एफआईआर

Dec 21, 2025 - 13:19
 0  405
नोट गिनते-गिनते थकी सीबीआई, लेफ्टिनेंट कर्नल के घर से 2.23 करोड़ नकद बरामद, पत्नी पर भी एफआईआर

दिल्ली (आरएनआई)। राजधानी दिल्ली में हुई सीबीआई की एक छापेमारी ने पूरे रक्षा तंत्र को झकझोर कर रख दिया है। रक्षा मंत्रालय में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा के आवास से करोड़ों रुपये की नकदी बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। हालात ऐसे थे कि घर के कमरों में नोटों की गड्डियां इस कदर बिखरी थीं कि अनुभवी सीबीआई अधिकारियों को भी नकदी गिनते-गिनते पसीना आ गया। जांच में कुल 2.23 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

सीबीआई को 19 दिसंबर 2025 को इनपुट मिला था कि रक्षा उत्पादन विभाग में डिप्टी प्लानिंग ऑफिसर के पद पर तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा पर दुबई की एक कंपनी से रिश्वत लेने के गंभीर आरोप हैं। इसी आधार पर दिल्ली स्थित उनके आवास पर छापा मारा गया। तलाशी के दौरान अलमारियों और कमरों से बड़ी मात्रा में नकदी मिली, जिसके लिए नोट गिनने की मशीनें भी कम पड़ गईं।

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जांच की आंच लेफ्टिनेंट कर्नल की पत्नी कर्नल काजल बाली तक भी पहुंच गई है। कर्नल काजल बाली वर्तमान में राजस्थान के श्रीगंगानगर में कमांडिंग ऑफिसर के पद पर तैनात हैं। सीबीआई ने उन्हें भी इस मामले में आरोपी बनाते हुए एफआईआर दर्ज की है। एजेंसी का आरोप है कि रिश्वत का यह पूरा नेटवर्क दुबई की एक कंपनी के इशारे पर संचालित हो रहा था।

सीबीआई ने श्रीगंगानगर में की गई कार्रवाई के दौरान भी करीब 10 लाख रुपये नकद और कई अहम दस्तावेज जब्त किए हैं। जांच एजेंसी का मानना है कि यह खेल लंबे समय से चल रहा था और इसके तार अंतरराष्ट्रीय स्तर तक जुड़े हो सकते हैं।

सीबीआई ने लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा और रिश्वत देने वाले आरोपी विनोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट ने दोनों को 23 दिसंबर 2025 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। अब जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि कहीं इस रिश्वत के बदले देश की सुरक्षा से जुड़ी कोई संवेदनशील जानकारी तो साझा नहीं की गई। इस पूरे मामले ने रक्षा गलियारों में हलचल तेज कर दी है और सिस्टम की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.