नागपुर SBL फैक्ट्री विस्फोट में 17 मजदूरों की मौत; DNA टेस्ट से होगी पहचान, आर्थिक मदद की घोषणा

Sunday, March 1, 2026 - 16:05
0
नागपुर SBL फैक्ट्री विस्फोट में 17 मजदूरों की मौत; DNA टेस्ट से होगी पहचान, आर्थिक मदद की घोषणा

मुंबई (आरएनआई)। महाराष्ट्र के नागपुर जिले में रविवार सुबह हुए भीषण फैक्ट्री विस्फोट में 17 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हो गए। हादसा कटोल तहसील के राउलगांव स्थित एसबीएल एनर्जी लिमिटेड के डिटोनेटर पैकिंग यूनिट में सुबह करीब 7 से 7:15 बजे के बीच हुआ।

विस्फोट इतना भीषण था कि कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। जले हुए शवों की पहचान के लिए पुलिस ने डीएनए टेस्ट कराने का फैसला किया है। परिजनों से रक्त के नमूने लेकर नागपुर के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) में जांच की जा रही है। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कंपनी प्रतिनिधियों के अनुसार घटना डिटोनेटर पैकिंग यूनिट में हुई। पुलिस, आपदा प्रबंधन दल, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गईं। साथ ही पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO) और औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशालय (DISH) की टीमें भी जांच में लगी हैं।

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे को अत्यंत दुखद बताया और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री की प्रतिक्रिया

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जिला प्रशासन, एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियां राहत कार्य में लगी हैं। उन्होंने हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी इस घटना को अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

प्रशासन की ओर से कहा गया है कि मृतकों और घायलों के परिजनों को हर संभव सहायता दी जाएगी तथा विस्फोट के कारणों की गहन जांच जारी है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User