दुबई में सुखदीप हत्याकांड से जुड़े तार, लॉरेंस के वकील दीपक पर हमले की साजिश; रोहित गोदारा गैंग का नाम सामने
नई दिल्ली (आरएनआई)। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री पर हुए जानलेवा हमले के पीछे रोहित गोदारा गैंग का हाथ सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह हमला गोदारा ने अपने करीबी इंद्रप्रीत उर्फ पैरी की हत्या का बदला लेने के लिए रचाया था। इसके लिए रोहित सोलंकी को सुपारी दी गई थी।
पुलिस के अनुसार हमले की साजिश दिसंबर में ही रच ली गई थी। इससे पहले नवंबर में दुबई में लॉरेंस के करीबी और फाइनेंसर सुखदीप उर्फ सिप्पा की हत्या हुई थी। इसके बाद चंडीगढ़ में रोहित गोदारा के करीबी इंद्रप्रीत उर्फ पैरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अंडरवर्ल्ड में तभी से चर्चा थी कि गोदारा लॉरेंस गिरोह से बदला लेगा। जांच एजेंसियों का मानना है कि इसी रंजिश के चलते दीपक खत्री को निशाना बनाया गया।
पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि पूछताछ में रोहित सोलंकी ने खुलासा किया कि 2019 में उसकी मुलाकात कपिल मान नामक गैंगस्टर से कराई गई थी। 2020 में टिल्लू गिरोह द्वारा योविन सोलंकी की हत्या के बाद रोहित ने कपिल के नेटवर्क का काम संभाल लिया। इसी दौरान उसे रोहित गोदारा की सोशल मीडिया आईडी दी गई, जिसके माध्यम से संपर्क स्थापित हुआ। बाद में गोदारा ने उसे कांट्रेक्ट किलिंग के लिए तैयार रहने को कहा और मोटी रकम का लालच दिया।
गोदारा ने दीपक खत्री की देहरादून लोकेशन साझा की, लेकिन वहां योजना सफल नहीं हो सकी। इसके बाद रोहित सोलंकी ने दीपक की गतिविधियों पर नजर रखी और पता लगाया कि वह हर मंगलवार मरघटवाले बाबा मंदिर दर्शन के लिए जाता है। हमले से एक सप्ताह पहले रेकी की गई। 24 तारीख को कश्मीरी गेट इलाके में शूटरों के साथ वारदात को अंजाम दिया गया, हालांकि दीपक इस हमले में बच गया।
हमले के बाद रोहित सोलंकी पश्चिम विहार और फिर गुरुग्राम पहुंचा। वह दुबई भागने की फिराक में था और कोलकाता से बैंकॉक की फ्लाइट भी पकड़ी, लेकिन वहां संदेह के आधार पर उसे भारत डिपोर्ट कर दिया गया। लौटकर वह माजरा डबास में छिप गया, जहां से पुलिस ने उसे दबोच लिया।
वारदात में इस्तेमाल ग्लॉक पिस्टल और स्कूटी शूटरों ने राजघाट के पास फेंक दी थी। एक ट्रक चालक को पिस्टल मिली, जिसे वह पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र ले गया। वहां अनजाने में पिस्टल चल गई और उसका सहयोगी घायल हो गया। बाद में पुलिस को पूरी जानकारी दी गई, जिसके बाद हथियार और स्कूटी बरामद कर ली गई।
फिलहाल पुलिस रोहित सोलंकी से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)