'दुनिया को भारत पर भरोसा, अब हमें परिणाम दिखाने होंगे': यूके इंडिया बिजनेस काउंसिल में बोले पीयूष गोयल
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ब्रिटेन दौरे के दौरान यूके इंडिया बिजनेस काउंसिल के सदस्यों और वैश्विक उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर भारत-यूके व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को नई गति देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया को भारत की क्षमता पर भरोसा है और अब देश को उस विश्वास को बेहतर प्रदर्शन के जरिए साबित करना होगा।
लंदन में आयोजित संवादात्मक लंच बैठक में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाटा ग्रुप, एचएसबीसी, प्रूडेंशियल और बेकर मैकेंजी समेत कई प्रमुख वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में नए निवेश अवसरों, व्यापार विस्तार और साझा आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता मजबूत करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
पीयूष गोयल ने उद्योग जगत से पारंपरिक क्षेत्रों से आगे बढ़कर नए और संभावनाशील क्षेत्रों में निवेश करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत के पास तेज आर्थिक विकास की अपार संभावनाएं हैं और इनका पूरा लाभ उठाने के लिए सरकार और उद्योग जगत को मिलकर काम करना होगा।
उन्होंने वैश्विक रेटिंग एजेंसियों फिच, मूडीज और एसएंडपी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इन एजेंसियों ने भारत की आर्थिक मजबूती, विकास क्षमता और मजबूत बुनियादी आधार को पर्याप्त महत्व नहीं दिया है। उन्होंने भारतीय कंपनियों से ब्रिटेन में निर्यात बढ़ाने और वहां के बाजार में अधिक हिस्सेदारी हासिल करने का भी आह्वान किया।
केंद्रीय मंत्री ने 15 जुलाई से लागू होने जा रहे भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (CETA) को दोनों देशों के लिए नए अवसरों का द्वार बताते हुए कहा कि यह समझौता व्यापार, निवेश और आर्थिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने सहयोग, समन्वय और मजबूत साझेदारी के जरिए तेज विकास की दिशा में आगे बढ़ने पर बल दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)