दिल्ली एनसीआर समेत आधा भारत भीषण गर्मी की चपेट में, आईएमडी ने किया अलर्ट; 14 जून से राहत की बूंदों के आसार
उत्तर पश्चिम भारत में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। अगले 3-4 दिनों में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में लू चलने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान अगले तीन दिनों तक रेड अलर्ट पर रहेंगे।
नई दिल्ली (आरएनआई) दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी की चपेट में है। आसमान से आग बरस रही है और राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा 48 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है जो देश में सर्वाधिक है। इस बीच, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने भीषण गर्मी और लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। लेकिन दो हफ्ते के ठहराव के बाद दक्षिण पश्चिम मानसून के बृहस्पतिवार से फिर सक्रिय होने और ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14 जून की रात से उत्तर पश्चिम भारत में हल्की बारिश होने की उम्मीद है, जिससे तपिश से थोड़ी राहत मिल सकती है।
आईएमडी ने ट्वीट कर कहा कि 14 जून से उत्तर-पश्चिम भारत में हीट वेव की स्थिति में धीरे-धीरे राहत मिलने की संभावना है। अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद अगले 3 दिनों तक धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी और उसके बाद कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है।
आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि उत्तर पश्चिम भारत में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। अगले 3-4 दिनों में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में लू चलने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान अगले तीन दिनों तक रेड अलर्ट पर रहेंगे। दिल्ली-एनसीआर बुधवार और बृहस्पतिवार को रेड अलर्ट पर हैं उसके बाद 13 जून को ऑरेंज अलर्ट रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 13 की रात से हल्की बारिश और आंधी-तूफान के बाद कुछ राहत मिल सकती है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून को लेकर भी अच्छी खबर है। लगभग दो हफ्ते के ठहराव के बाद बृहस्पतिवार से मानसून के फिर सक्रिय होने और आगे बढ़ने की संभावना है। आईएमडी ने 12-15 जून के दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और 13 जून और 14 जून को कोंकण और गोवा में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा का अनुमान जताया है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बुधवार सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटे के दौरान जम्मू-कश्मीर, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भीषण गर्मी के साथ तीव्र लू चली। हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भी लू चली और झुलसा देने वाली गर्मी महसूस की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों में रात में भी अत्यधिक गर्मी रही। पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में भी कई स्थानों पर रात में उमस के साथ तेज गर्मी की स्थिति बनी रही।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



