डीएसपी की कथित 200 करोड़ की काली कमाई का खुलासा, छापेमारी में विला, फ्लैट, सोना-चांदी और करोड़ों की संपत्ति बरामद
तेलंगाना में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने पुलिस कंप्यूटर सर्विसेज में तैनात डीएसपी संकीरेड्डी भीम रेड्डी के हैदराबाद स्थित आवास समेत 16 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। जांच एजेंसी का दावा है कि अधिकारी ने नौकरी के दौरान कथित तौर पर आय से अधिक करीब 200 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की है। मामले में भ्रष्टाचार और अवैध तरीके से संपत्ति जुटाने के आरोपों की जांच जारी है।
छापेमारी के दौरान एसीबी को तेलंगाना और कर्नाटक में फैली बड़ी अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिले। इनमें इब्राहिमबाग स्थित एक लग्जरी विला, गाचीबोवली और टेल्लापुर में चार फ्लैट, नागोल और पटनचेरु में तीन प्लॉट, मणिकोंडा के एक व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स में हिस्सेदारी, 3,000 वर्गफुट व्यावसायिक क्षेत्र तथा कर्नाटक, संगारेड्डी, विकाराबाद और मुचिंताला में 50 एकड़ से अधिक कृषि भूमि शामिल है। इसके अलावा एक माइनिंग कंपनी में 75 लाख रुपये के निवेश का भी खुलासा हुआ है।
जांच के दौरान अधिकारियों ने डीएसपी के घर से 3.6 लाख रुपये नकद और एक कथित बेनामीदार के घर से 40 लाख रुपये बरामद किए। इसके साथ ही करीब 2 किलो सोने के आभूषण, 20 किलो चांदी, लगभग 19.91 लाख रुपये की बैंक जमा राशि और कई महत्वपूर्ण वित्तीय दस्तावेज भी जब्त किए गए।
एसीबी के अनुसार, बरामद अचल संपत्तियों की मौजूदा बाजार कीमत 200 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है, जबकि उनकी रजिस्ट्री कीमत इससे काफी कम है। तलाशी के दौरान विदेशी शराब की 23 बोतलें भी मिलीं, जिसके बाद आबकारी विभाग को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित किया गया है। फिलहाल एसीबी पूरे मामले में संपत्तियों के स्रोत और कथित भ्रष्टाचार के नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)