ठंड पर भारी पड़ा जश्न, नए साल के पहले दिन शीतलहर और बूंदाबांदी के आसार

Thursday, January 1, 2026 - 11:42
0
ठंड पर भारी पड़ा जश्न, नए साल के पहले दिन शीतलहर और बूंदाबांदी के आसार

मेरठ (आरएनआई)। नए साल की शुरुआत मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के साथ हुई। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है और मौसम विभाग ने आज बूंदाबांदी की संभावना भी जताई है। ठंड और प्रदूषण के दोहरे प्रहार से जनजीवन प्रभावित हो रहा है और अस्पतालों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।

पश्चिमी यूपी और आसपास के इलाकों में शीतलहर का असर लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान दो डिग्री गिरकर 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री की कमी आई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल ठंड से राहत के कोई संकेत नहीं हैं और आने वाले दिनों में कोहरा व सर्द हवाएं परेशान कर सकती हैं।

बुधवार सुबह कोहरा जरूर जल्दी छंट गया, लेकिन दिनभर चली सर्द हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। शाम होते ही शीतलहर का असर और तेज हो गया और सड़कों पर सन्नाटा पसरता नजर आया। कई दिनों से न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे ठंड का असर और ज्यादा महसूस किया जा रहा है। घने कोहरे और प्रदूषण की परत के कारण दृश्यता भी प्रभावित रही। सुबह 10 बजे के बाद धूप निकलने के बावजूद ठंड से कोई खास राहत नहीं मिली। कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक कोहरा और शीतलहर बनी रह सकती है और नए साल के पहले दिन बूंदाबांदी भी संभव है।

इस बीच प्रदूषण की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। बुधवार को मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 316 दर्ज किया गया, जो लाल श्रेणी में है। गंगानगर, जयभीम नगर, पल्लवपुरम, बेगमपुल और दिल्ली रोड जैसे इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता चिंताजनक स्तर पर रही। ठंड और प्रदूषण के चलते सांस और गले से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

पीएल शर्मा जिला अस्पताल और एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में खांसी, जुकाम, वायरल बुखार, गले में खराश और सांस लेने में दिक्कत के मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली। बुधवार को कुल 3,715 मरीजों का इलाज किया गया। सांस एवं छाती रोग विशेषज्ञ डॉ. वीरोत्तम तोमर ने बताया कि ठंड और प्रदूषण के कारण अस्थमा और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों में तेजी से इजाफा हो रहा है। वहीं ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. बीपी कौशिक ने लोगों को ठंड से बचाव और मास्क के उपयोग की सलाह दी है।

हालांकि कड़ाके की ठंड और शीतलहर भी नववर्ष के जश्न को फीका नहीं कर सकी। 31 दिसंबर की रात मेरठ में लोगों ने पूरे उत्साह के साथ साल 2025 को विदा किया और 2026 का स्वागत किया। रात 12 बजते ही “हैप्पी न्यू ईयर 2026” की गूंज के साथ आतिशबाजी से आसमान रोशन हो उठा। शहर के होटल, रिसॉर्ट, मंडप और रेस्टोरेंट्स में देर रात तक रौनक बनी रही। डीजे की धुनों और रंगीन रोशनी के बीच ठंड भी लोगों के जोश के आगे हार मानती नजर आई।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User