ट्रंप का दावा कमजोर पड़ा, खाड़ी देशों में हमलों से बढ़ा तनाव; पश्चिम एशिया में हालात और गंभीर
नई दिल्ली (आरएनआई) पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष लगातार खतरनाक मोड़ लेता जा रहा है। आसमान मिसाइलों की आवाज से गूंज रहा है और जमीन पर धमाकों से हालात भयावह बने हुए हैं। यह टकराव अब सिर्फ सीमाओं तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि वैश्विक चिंता का कारण बनता जा रहा है। अमेरिका और इस्राइल का ईरान के साथ जारी संघर्ष 31वें दिन में पहुंच चुका है, लेकिन तनाव कम होने के बजाय और बढ़ता नजर आ रहा है।
ईरान की ओर से खाड़ी देशों में हमले लगातार जारी हैं और अहम ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आ रहा है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बार-बार यह दावा कर रहे हैं कि ईरान की वायु और नौसैनिक ताकत को काफी हद तक खत्म कर दिया गया है। हालांकि, ईरान की ओर से हो रहे पलटवार इन दावों पर सवाल खड़े कर रहे हैं और जमीनी हकीकत कुछ और ही संकेत दे रही है।
इसी बीच ईरान की राजधानी तेहरान में रविवार सुबह दो जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी, जिससे शहर के उत्तरी हिस्सों में दहशत फैल गई। स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमाकों से पहले एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय होते देखा गया था। फिलहाल इन विस्फोटों के कारण और नुकसान को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
वहीं लेबनानी संगठन हिजबुल्ला ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने उत्तर इस्राइल और दक्षिण लेबनान में इस्राइली सेना को निशाना बनाया। संगठन के अनुसार, उत्तर इस्राइल के मेटुअल क्षेत्र और दक्षिण लेबनान के खियम डिटेंशन सेंटर के पास इस्राइली सैनिकों और उनके वाहनों पर रॉकेट से हमला किया गया।
इस बढ़ते संघर्ष का असर आम नागरिकों पर भी साफ दिख रहा है। कुवैत में बिजली और पानी उत्पादन करने वाले एक प्लांट पर हुए हमले में एक भारतीय मजदूर की मौत हो गई। कुवैत के बिजली और पानी मंत्रालय के मुताबिक, यह हमला ईरान की ओर से किया गया, जिसमें प्लांट की एक सर्विस बिल्डिंग को भी नुकसान पहुंचा। यह प्लांट समुद्री पानी को शुद्ध कर पेयजल बनाने और बिजली उत्पादन का महत्वपूर्ण केंद्र है।
लगातार हो रहे हमलों और जवाबी कार्रवाइयों ने पूरे पश्चिम एशिया को अस्थिर कर दिया है, जिससे आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)