जुमे की नमाज और अदालत में सुनवाई के मद्देनजर मंडल में अलर्ट, संभल में कड़े सुरक्षा प्रबंध

संभल में जामा मस्जिद में सर्वे को लेकर हुए बवाल के बाद पहले जुमे और अदालत में जामा मस्जिद प्रकरण की सुनवाई के मद्देनजर मुरादाबाद मंडल में अलर्ट है। वहीं संभल शहर और चंदौसी न्यायालय परिसर में बेहद कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। संभल में 16 कंपनी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर जामा मस्जिद के आसपास क्षेत्र में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था कर सीमित संख्या में नमाजियों के जामा मस्जिद में नमाज अदा करने की रणनीति बनाई गई है।

Friday, November 29, 2024 - 08:15
0
जुमे की नमाज और अदालत में सुनवाई के मद्देनजर मंडल में अलर्ट, संभल में कड़े सुरक्षा प्रबंध

संभल (आरएनआई) संभल में जामा मस्जिद में सर्वे को लेकर हुए बवाल के बाद पहले जुमे और अदालत में जामा मस्जिद प्रकरण की सुनवाई के मद्देनजर मुरादाबाद मंडल में अलर्ट है। वहीं संभल शहर और चंदौसी न्यायालय परिसर में बेहद कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। संभल में 16 कंपनी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर जामा मस्जिद के आसपास क्षेत्र में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था कर सीमित संख्या में नमाजियों के जामा मस्जिद में नमाज अदा करने की रणनीति बनाई गई है।

जामा मस्जिद के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाकर इस क्षेत्र की दिनभर ड्रोन से निगरानी की गई। अधिकारियों ने शाम को पुलिस जवानों के साथ पैदल मार्च किया। वहीं पीस कमेटी की बैठक में कमिश्नर और डीआईजी ने धर्मगुरुओं से शहर में शांति व्यवस्था के लिए मंथन किया। संभल में इंटरनेट पर पाबंदी अभी जारी है। वहीं पुलिस ने गुरुवार को बवाल में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दरोगा से लूटी गई पिस्टल की मैगजीन और तमंचे बरामद किए।

जामा मस्जिद के सर्वे को लेकर रविवार को हुए बवाल के बाद से ही संभल में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। इसके बावजूद शुक्रवार को जुमे की नमाज के मद्देनजर पुलिस प्रबंध और कड़े कर दिए गए हैं। जामा मस्जिद के आसपास क्षेत्र की किलेबंदी कर तीन लेयर सुरक्षा प्रबंध किया गया है। जुमे की नमाज के लिए जामा मस्जिद में बाहरी लोग न जाएं इसके लिए जहां धर्मगुरुओं व जिम्मेदार लोगों का सहयोग लिया गया है।

वहीं कड़ी निगरानी की भी व्यवस्था है। मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर आन्जनेय कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय लोग ही जामा मस्जिद में नमाज अदा करें, इसके लिए प्रबंध किए गए हैं। आवश्यकता पड़ी तो जांच पड़ताल भी की जाएगी कि बाहरी लोग तो जामा मस्जिद में नहीं जा रहे हैं। जामा मस्जिद कमेटी व अन्य धर्मगुरु भी इस काम में सहयोग कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन का मकसद नमाजियों को परेशान करना नहीं बल्कि माहौल खराब करने की मंशा से आने वाले बाहरी लोगों को रोकना है। बाहरी ताकतों पर कड़ी निगाह रखी जा रही है। किसी को भी माहौल नहीं बिगाड़ने दिया जाएगा। 

उधर, जामा मस्जिद के निकट गुरुवार को 20 से ज्यादा नए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। पुलिस की कई टीमें आसपास इलाके का भ्रमण कर हालात का जायजा लेती रहीं। आधा दर्जन ड्रोन जामा मस्जिद के आसपास क्षेत्रों में उड़ाए गए। छतों पर देखा गया कि ईंट पत्थर या कोई अन्य आपत्तिजनक वस्तु तो नहीं है। कई मकानों की छतों से ईंट-पत्थर हटवाने का काम किया गया। संभल में इंटरनेट पर पाबंदी जारी है। शुक्रवार शाम को हालात की समीक्षा के बाद इंटरनेट पर पाबंदी को लेकर प्रशासन कोई फैसला लेगा। वहीं सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User