छपरा में बेकाबू हुआ प्रदर्शन, भीड़ ने पुलिस वाहन फूंका; पथराव के बाद पुलिस का लाठीचार्ज
छपरा। नीट पेपर लीक मामले को लेकर बुलाए गए बिहार बंद के दौरान शनिवार को सारण जिले के छपरा में प्रदर्शन हिंसक हो गया। उग्र प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के एक वाहन में आग लगा दी और पुलिस पर पथराव किया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। घटना के बाद पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन का असर छपरा शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिला। नगरपालिका चौक, साहेबगंज, थाना चौक, डाक बंगला रोड, सदर अस्पताल चौक, दारोगा राय चौक, भरत मिलाप चौक और भगवान बाजार रोड पर प्रदर्शन सबसे अधिक उग्र रहा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई, जिसमें दोनों पक्षों के बीच पथराव की घटनाएं भी हुईं।
स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसी दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस के एक वाहन में आग लगा दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आगजनी और हिंसा के बाद शहर में तनाव का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार मौके पर पहुंचे तथा हालात का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने अतिरिक्त पुलिस बल के साथ स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
सदर एसडीपीओ राम पुकार सिंह ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की अपील की। पुलिस कार्रवाई के बाद कुछ समय के लिए प्रदर्शनकारी तितर-बितर हो गए, हालांकि बाद में कई लोग शहर के अन्य इलाकों में विरोध प्रदर्शन जारी रखते दिखाई दिए।
पूरे घटनाक्रम के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)