घने कोहरे का असर: दिल्ली एयरपोर्ट पर 129 उड़ानें रद्द, यात्रियों के लिए AAI की एडवाइजरी जारी

Dec 20, 2025 - 14:29
 0  108
घने कोहरे का असर: दिल्ली एयरपोर्ट पर 129 उड़ानें रद्द, यात्रियों के लिए AAI की एडवाइजरी जारी

नई दिल्ली (आरएनआई)। उत्तर भारत में पड़ रही कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन के साथ-साथ हवाई यातायात को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। शनिवार सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम रही, जिसके चलते हवाई सेवाएं बाधित हो गईं और कुल 129 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इनमें कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल हैं।

घने कोहरे की वजह से शनिवार को पूरे उत्तर भारत में दृश्यता काफी कम दर्ज की गई। दिल्ली एयरपोर्ट पर इसका सीधा असर देखने को मिला, जहां न केवल उड़ानें रद्द हुईं बल्कि कई विमानों के संचालन में देरी भी हुई। हालात को देखते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। AAI ने कहा है कि कोहरे और कम दृश्यता के कारण उड़ानों के संचालन में देरी संभव है, इसलिए यात्रियों को अपनी संबंधित एयरलाइंस के संपर्क में रहने और रियल टाइम फ्लाइट अपडेट चेक करने की सलाह दी गई है।

कोहरे का असर केवल हवाई यातायात तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सड़क परिवहन भी प्रभावित हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में दृश्यता घटकर लगभग 200 मीटर तक रह गई, वहीं हवा की गुणवत्ता भी कई क्षेत्रों में बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट को CAT-3 श्रेणी में संचालित किया जा रहा है, जिसमें विमानों की लैंडिंग और टेक-ऑफ के दौरान विशेष सावधानियां बरती जाती हैं।

फ्लाइट रडार के आंकड़ों के अनुसार इंडिगो, एअर इंडिया, स्पाइसजेट और अकासा एयर सहित लगभग सभी प्रमुख एयरलाइंस की उड़ानों में देरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है और चेतावनी दी है कि पूरे दिन दृश्यता कम बनी रह सकती है।

हाल ही में हवाई सेवाओं से जुड़े मामलों को देखते हुए सरकार और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) भी सतर्क हो गए हैं। DGCA ने सभी एयरलाइंस को निर्देश दिए हैं कि उड़ानों में देरी, रि-शेड्यूलिंग या डायवर्जन की जानकारी यात्रियों को रियल टाइम में दी जाए, साथ ही एयरपोर्ट पर यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं को भी सुनिश्चित किया जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.