ग्राहक सेवा केंद्र लूटकांड: एक और आरोपी गिरफ्तार, 4000 रुपये बरामद
हाथरस(आरएनआई)थाना सिकंद्राराऊ क्षेत्र में ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से हुई लूट की घटना में पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने वांछित एक अन्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूट की रकम में से बचे 4000 रुपये नगद बरामद किए हैं। इससे पहले पुलिस इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।पुलिस के अनुसार 18 मार्च 2026 को अमित पुत्र मेघ सिंह निवासी टटी डंडिया ने थाना सिकंद्राराऊ में तहरीर दी थी कि वह मोहनपुरा कासंगज स्थित अपने ग्राहक सेवा केंद्र से शाम करीब 6:25 बजे दुकान बंद कर घर लौट रहा था। डुकरिया बम्बा कासंगज-सिकंद्राराऊ रोड पर महाशांति आधुनिक गुरुकुल ट्रस्ट के पास पीछे से आई काले रंग की स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी और उसे गिराकर रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी सिकंद्राराऊ के नेतृत्व में चार टीमों का गठन किया गया था। एसओजी और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया। पुलिस ने 25 मार्च को मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जबकि एक अन्य अभियुक्त भोला उर्फ सुखवेन्द्र को 27 मार्च को सरदला पुल के नीचे से गिरफ्तार किया गया था।इसी क्रम में 4 अप्रैल 2026 को पुलिस ने वांछित अभियुक्त रोहित नागर पुत्र मदन नागर निवासी अच्छेजा, थाना बादलपुर जनपद गौतमबुद्धनगर को जलेसर रोड पर नूरानी मस्जिद के पास पुरदिल नगर से गिरफ्तार किया। उसके पास से लूट की रकम में से बचे 4000 रुपये बरामद हुए हैं।पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

