गोवा नाइट क्लब अग्निकांड में नई गिरफ्तारी, सह-मालिक अजय गुप्ता ने लूथरा बंधुओं पर टाला दोष

Dec 10, 2025 - 11:39
 0  243
गोवा नाइट क्लब अग्निकांड में नई गिरफ्तारी, सह-मालिक अजय गुप्ता ने लूथरा बंधुओं पर टाला दोष

पणजी (आरएनआई) गोवा के रोमियो लेन स्थित बिर्क नाइट क्लब में लगी भीषण आग के मामले में सह-मालिक अजय गुप्ता को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के तुरंत बाद गुप्ता ने अपनी भूमिका को सीमित बताते हुए कहा कि वह सिर्फ एक साझेदार है और घटना के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं थी। इस दुखद अग्निकांड में 25 लोगों की जान गई थी।

गुप्ता के मुताबिक, मुख्य ज़िम्मेदारी क्लब के वास्तविक मालिक सौरभ और गौरव लूथरा की थी, जो हादसे के कुछ ही घंटों बाद देश छोड़कर थाईलैंड भाग गए। पुलिस अब इस मामले में इंटरपोल की मदद से लूथरा बंधुओं को भारत लाने की कोशिश कर रही है। इसके लिए ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

घटना के दौरान सबसे अंत में बाहर निकलने वाले 20 स्टाफ सदस्य और पांच पर्यटक जिंदा बाहर नहीं आ सके। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई कि आग का कारण सिलेंडर विस्फोट हो सकता है, लेकिन बाद की जांच में इलेक्ट्रिक पटाखों से चिंगारी उठने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। आग देर रात लगभग 11:45 बजे भड़की थी, जिससे हड़कंप मच गया।

दुर्घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्लब के मुख्य महाप्रबंधक राजीव मोदक, महाप्रबंधक विवेक सिंह, बार प्रबंधक राजीव सिंहानिया और गेट प्रबंधक रियांशु ठाकुर को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा नाइट क्लब के आयोजकों और मालिकों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है, जबकि दिल्ली से क्लब के एक कर्मचारी भरत कोहली को भी हिरासत में लिया जा चुका है।

इस गंभीर घटना पर सरकार ने भी सख्त रुख अपनाया है। लापरवाही के आरोप में तीन वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित किया गया, जिनमें पंचायत निदेशक भी शामिल हैं जिन्होंने क्लब को अनुमति दिलाने में मुख्य भूमिका निभाई थी। साथ ही एक उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की गई है, जिसे एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपनी है।

इस हादसे के बाद सुरक्षा मानकों और निगरानी व्यवस्था को लेकर प्रशासन और सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, जिनके जवाब अब जांच से मिलने की उम्मीद है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.