गोवा के बाद अब ओडिशा में नाइट क्लब में आग, भुवनेश्वर के सत्य विहार क्षेत्र में उठे धुएं के गुबार
भुवनेश्वर (आरएनआई) ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के सत्य विहार इलाके में शुक्रवार देर रात एक नाइट क्लब में भीषण आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। आग लगते ही धुएं का घना गुबार आसमान में उठने लगा, जिसे दूर-दूर तक देखा गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की कई टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और तेज़ी से बचाव अभियान शुरू किया।
अधिकारियों के अनुसार आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और उसे आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक दिया गया। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट या किचन से आग फैलने की संभावना पर विचार किया जा रहा है।
फायरब्रिगेड और जांच टीमों ने परिसर का निरीक्षण करते हुए साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। घटना के दौरान क्लब के बाहर अफरातफरी का माहौल रहा, लेकिन तेज़ कार्रवाई की वजह से स्थिति नियंत्रण में आ गई।
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब कुछ दिनों पहले ही गोवा के एक नाइट क्लब में आग की भयावह घटना में 25 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद ओडिशा फायर और इमरजेंसी सर्विसेज ने राज्यभर के रेस्तरां और 100 से अधिक सीट क्षमता वाले प्रतिष्ठानों का व्यापक सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए थे। भुवनेश्वर की घटना ने एक बार फिर सुरक्षा मानकों की समीक्षा और सख्ती की आवश्यकता को उजागर किया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



