कोविड वैक्सीन पर सीएम सिद्धारमैया के बयान को बायोकॉन प्रमुख ने बताया भ्रामक

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा था कि पिछले महीने में ही हासन जिले में दिल का दौरा पड़ने से 20 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और राज्य सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है। कोविड वैक्सीन को जल्दबाजी में मंजूरी देना और जनता को वितरित करना भी इन मौतों का एक कारण हो सकता है। 

Jul 3, 2025 - 15:52
 0  54
कोविड वैक्सीन पर सीएम सिद्धारमैया के बयान को बायोकॉन प्रमुख ने बताया भ्रामक

बेंगलुरु (आरएनआई) कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया के कोविड टीकों से मौत होने वाले बयान पर बायोकॉन की प्रमुख किरण मजूमदार शॉ ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि सीएम का दावा तथ्यात्मक तौर पर पूरी तरह से गलत और भ्रामक है। सिद्धारमैया ने कहा था कि हासन जिले में हाल ही में हुई दिल के दौरे से मौतें टीकाकरण अभियान से जुड़ी हो सकती हैं। टीकों को जल्दबाजी में मंजूरी दी गई।

शॉ ने कहा कि भारत में विकसित कोविड-19 टीकों को सुरक्षा और प्रभावकारिता के लिए वैश्विक मानकों के अनुरूप कठोर प्रोटोकॉल का पालन करते हुए आपातकालीन उपयोग के लिए मंजूरी दी गई थी। यह कहना कि इन टीकों को जल्दबाजी में मंजूरी दी गई। यह तथ्यात्मक रूप से गलत है और सार्वजनिक गलत सूचना में योगदान देता है। 

फार्मा कंपनी बायोकॉन की कार्यकारी अध्यक्ष शॉ ने कहा कि इन टीकों ने लाखों लोगों की जान बचाई है और सभी टीकों की तरह, बहुत कम संख्या में व्यक्तियों में दुष्प्रभाव हो सकते हैं। पूर्वव्यापी दोषारोपण में संलग्न होने के बजाय, उनके विकास के पीछे विज्ञान और डाटा-संचालित प्रक्रियाओं को स्वीकार करना चाहिए।

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा था कि पिछले महीने में ही हासन जिले में दिल का दौरा पड़ने से 20 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और राज्य सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने जयदेव इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोवैस्कुलर साइंसेज एंड रिसर्च के निदेशक डॉ. रवींद्रनाथ की अध्यक्षता में एक विशेषज्ञ समिति के गठन की घोषणा की, जो मौतों की जांच करेगी। समिति को दस दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।

सिद्धारमैया ने कहा था कि इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता है कि कोविड वैक्सीन को जल्दबाजी में मंजूरी देना और जनता को वितरित करना भी इन मौतों का एक कारण हो सकता है, क्योंकि हाल ही में दुनिया भर में कई अध्ययनों ने संकेत दिया है कि कोविड टीके दिल के दौरे की बढ़ती संख्या का कारण हो सकते हैं।

बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सीएम के बयान को खारिज करते हुए कहा था कि  अचानक हो रहीं मौतों की देश की विभिन्न एजेंसियों ने जांच की है और जांच में पाया गया है कि इनका कोरोना वैक्सीन से कोई सीधा संबंध नहीं हैं। आईसीएमआर और नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल ने भी अपने अध्ययन में इसकी पुष्टि की है।

सरकार ने कहा कि कोरोना वैक्सीन सुरक्षित और प्रभावकारी है और इसके दुर्लभ ही किसी पर गंभीर परिणाम दिखे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि अचानक हो रही मौतों के कई कारण हो सकते हैं, जिनमें जेनेटिक्स, हमारा रहन-सहन और दिनचर्या, पहले से कोई बीमारी और कोरोना संक्रमित होने के बाद की दिक्कतें शामिल हैं। 

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.