कॉलोनाइजर बड़ा या सिस्टम! गुना में PM आवास की जमीन पर कब्जे की कोशिश नाकाम

Monday, March 30, 2026 - 17:20
Updated: 7 months ago
0
कॉलोनाइजर बड़ा या सिस्टम! गुना में PM आवास की जमीन पर कब्जे की कोशिश नाकाम

गुना (आरएनआई) शहर में एक कॉलोनाइजर द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश का मामला सामने आया है, जिस पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया।

जानकारी के मुताबिक, UCK Buildcon Pvt Limited नाम की कंपनी द्वारा जगनपुर इलाके में एक बड़े कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है। आरोप है कि प्रोजेक्ट की आड़ में नियमों की अनदेखी करते हुए सरकारी जमीन पर भी कब्जा करने की कोशिश की गई। मामला तब गंभीर हो गया जब कॉलोनाइजर द्वारा PMAY की जमीन को अपने कब्जे में लेने के लिए सरकारी बाउंड्री वॉल तोड़ दी गई।

बताया जा रहा है कि ग्वालियर से जुड़े इस कॉलोनाइजर ने गुना में अपना विस्तार करते हुए माइनिंग, प्रदूषण नियंत्रण और सेफ्टी स्टैंडर्ड जैसे कई नियमों को दरकिनार कर ‘PALLADIO 2’ प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया। हालांकि, कॉलोनाइजर सुनील खंडूजा का कहना है कि संबंधित जमीन उनकी निजी है, जिसे PM आवास की बाउंड्री में शामिल कर लिया गया था, इसी कारण दीवार तोड़ी गई।

मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए मौके पर कार्रवाई की। SDM शिवानी पांडे ने स्पष्ट किया कि बिना वैधानिक प्रक्रिया अपनाए एकपक्षीय रूप से बाउंड्री वॉल तोड़ना पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि कॉलोनाइजर द्वारा अवैध कब्जे की कोशिश की जा रही थी, जिस पर तत्काल कार्रवाई की गई। साथ ही, तोड़ी गई बाउंड्री वॉल का हर्जाना भी संबंधित कॉलोनाइजर से वसूला जाएगा।

वहीं, गुना नगरपालिका की अध्यक्ष सविता गुप्ता और मुख्य नगरपालिका अधिकारी मंजूषा खत्री ने भी इस मामले में थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है—क्या कोई कॉलोनाइजर इतना प्रभावशाली हो सकता है कि वह नियमों को दरकिनार कर सिस्टम को चुनौती दे सके, या फिर प्रशासनिक सख्ती ऐसे प्रयासों पर हमेशा भारी पड़ेगी?

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User