लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे उद्घाटन के 14 दिन बाद धंसा, गुणवत्ता पर उठे सवाल

Sunday, July 26, 2026 - 17:13
0

लखनऊ। करीब ₹4,200 करोड़ की लागत से बने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर उद्घाटन के महज 14 दिन बाद ही सड़क धंसने का मामला सामने आया है। रविवार को उन्नाव से लखनऊ की ओर जाने वाली ग्रीनफील्ड लेन में कोरारी के पास करीब 30 फीट सड़क धंस गई, जिससे गहरी नालियां बन गईं और उनमें बारिश का पानी भर गया। इसी लेन पर टोल प्लाजा से लगभग एक किलोमीटर पहले भी करीब आठ फीट सड़क धंसने की सूचना है।

घटना के बाद निर्माण एजेंसी पटेल इन्फ्रास्ट्रक्चर ने प्रभावित हिस्सों की मरम्मत शुरू करा दी है। वाहन चालकों की सुरक्षा के मद्देनजर क्षतिग्रस्त स्थानों पर बैरिकेडिंग कर यातायात को सावधानीपूर्वक संचालित किया जा रहा है।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इस एक्सप्रेसवे के निर्माण में लगभग ₹4,200 करोड़ की लागत से ऑटोमेटेड इंटेलिजेंस मशीन गाइडेड कंस्ट्रक्शन (AIMGC) तकनीक का इस्तेमाल किया था। दावा किया गया था कि अमेरिका और जर्मनी के बाद भारत में पहली बार इस तकनीक से सड़क का निर्माण किया गया है। हालांकि पहली ही बरसात में सड़क के कई हिस्सों के क्षतिग्रस्त होने से निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, ग्रीनफील्ड सेक्शन के किलोमीटर 64.200 पर कई मीटर तक सड़क का डामर पूरी तरह उखड़ गया है। एक्सप्रेसवे से गुजर रहे यात्रियों ने क्षतिग्रस्त सड़क के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। बताया जा रहा है कि 45 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड हिस्से में कई स्थानों पर बारिश के कारण डामर उखड़ने की समस्या सामने आई है।

इससे पहले भी एक्सप्रेसवे के विभिन्न हिस्सों में सड़क किनारे की मिट्टी बहने और अचलगंज के पास पहुंच मार्ग धंसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कई स्थानों पर पैचिंग किए जाने के कारण सफर प्रभावित होने की शिकायतें भी मिली हैं। वहीं पुलों और पुलियों के एक्सपेंशन ज्वाइंट पर वाहनों को झटके महसूस होने की बात भी सामने आई है।

एक्सप्रेसवे के प्रोजेक्ट मैनेजर वी. कुंडू ने कहा कि लगातार बारिश के कारण कुछ स्थानों पर तकनीकी दिक्कतें आई हैं, जिन्हें ठीक कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह नया निर्माण है, इसलिए शुरुआती समस्याएं सामने आई हैं, हालांकि कहीं भी यातायात बाधित नहीं है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User