'किसी बड़ी हस्ती का हाथ है', हुड्डा से बोलीं हिमानी की मां; पूर्व सीएम बोले- उसका नाम बताओ
कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल हत्याकांड में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने स्वजनों को आश्वासन दिया है कि वे मामले की जांच करवाएंगे और विधानसभा सत्र में भी इसे उठाएंगे। हिमानी की मां ने पुलिस जांच पर असंतोष जताते हुए कहा है कि उन्हें शक है कि इस मामले में कोई बड़ी हस्ती शामिल है।
रोहतक (आरएनआई) विजय नगर में कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या मामले में मां सविता की ओर से पुलिस जांच से संतुष्ट न होने की बात सामने आने के बाद रविवार को पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा उसके घर पर पहुंचे। एक दिन पूर्व ही हिमानी की मां ने सीएम नायब सिंह सैनी से हैलीपैड पर मुलाकात कर अपनी बात रखी थी।
इस दौरान सीएम ने भी एएसपी को तुरंत मामले में निष्पक्ष जांच करने को कहा और सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी हिदायत दी थी। यहां पर पूर्व सीएम हुड्डा के सामने हिमानी की मां सविता ने एक बार फिर से कई सवाल खड़े किए।
हिमानी की मां सविता ने कहा कि इस मामले में पुलिस जांच से अभी भी पूरी तरह से संतुष्ट नहीं हैं। इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए। उन्होंने शक जाहिर किया है कि इस मामले में कुछ तो गहराई तक है, जो मृतक की लाश को ठिकाने लगाने और उससे भी जरूरी आरोपित के लिए सामान था।
उन्होंने कहा कि इसमें किसी बड़ी हस्ती का हाथ है और कुछ तो गहरी बात है, जिसे छिपाया जा रहा है। अगर पैसे का ही लेनदेन होता तो पहले थाने-चौकी में शिकायत दी जाती। या फिर कोई पंचायत या बैठक होती। लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। आरोपी सचिन अकेले यह काम नहीं कर सकता। इसके पीछे किस की साजिश है, यह सामने आना चाहिए।
पूर्व सीएम हुड्डा ने स्वजनों को आश्वासन दिया कि आपको जिस पर शक है, उसका नाम बताओ, मैं जांच करवाउंगा। इस पर हिमानी की मां ने कहा कि नाम तो सचिन ही बताएगा कि किसके कहने पर उसने शव को ठिकाने लगाया है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मामले में एसपी से बात करेंगे, आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। विधानसभा सत्र में भी इस मामले को उठाएंगे।
बीते दिनों अस्थल बोहर मठ में मत्था टेकने आए सीएम नायब सैनी से हेलीपैड पर हिमानी की मां सविता व भाई जतिन मिले और शिकायत दी।
इस दौरान सविता ने जहां पुलिस कार्रवाई से असंतुष्टि जताते हुए जान का खतरा बताया तो वहीं जतिन ने मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई।
उनकी बात सुनकर मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन देते हुए पुलिस की क्लास लगाई और बोले कि जनता के प्रति हमारी जवाबदेही है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)