ईरान परमाणु कार्यक्रम पर पाकिस्तान की सफाई: अमेरिका से कोई गोपनीय जानकारी साझा नहीं की गई
इस्लामाबाद:(आरएनआई) पाकिस्तान ने उन मीडिया रिपोर्टों को सिरे से खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया गया था कि उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा की थी। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि ऐसी खबरें पूरी तरह निराधार और भ्रामक हैं।
विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने गुरुवार को कहा कि 29 मई को वाशिंगटन में हुई डार और रुबियो की बैठक के दौरान ईरान के परमाणु कार्यक्रम से संबंधित कोई भी जानकारी साझा नहीं की गई थी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रसारित सभी दावे तथ्यहीन हैं और वास्तविकता से उनका कोई संबंध नहीं है।
यह विवाद उस समय सामने आया जब अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के पूर्व विश्लेषक लैरी जॉनसन ने एक अज्ञात स्रोत के हवाले से दावा किया था कि दोनों नेताओं की बातचीत में ईरान की परमाणु गतिविधियों और उसकी रणनीतिक योजनाओं पर चर्चा हुई थी। जॉनसन ने यह भी कहा था कि कथित जानकारी से अमेरिकी पक्ष चिंतित हो गया था।
हालांकि पाकिस्तान ने इन दावों को पूरी तरह नकारते हुए कहा है कि बैठक में क्षेत्रीय और द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा हुई थी, लेकिन ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी किसी भी प्रकार की गोपनीय जानकारी का आदान-प्रदान नहीं हुआ।
गौरतलब है कि इशाक डार का वाशिंगटन दौरा अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के भारत दौरे से ठीक पहले हुआ था। रुबियो बाद में नई दिल्ली में आयोजित क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए थे। पाकिस्तान की इस सफाई के बाद ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर लगाए गए दावों पर नया विवाद खड़ा हो गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



