आयुष्मान कार्ड बनवाने के नाम पर वसूली

Friday, December 30, 2022 - 00:31
Updated: 4 years ago
0
आयुष्मान कार्ड बनवाने के नाम पर वसूली

शाहाबाद, हरदोई । केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना आयुष्मान यहां बंदरबांट और लूटखसोट का शिकार हो गई है। आयुष्मान कार्ड बनाने के नाम पर जमकर वसूली की जा रही है लेकिन लाख शिकायतों के बाद भी स्वास्थ्य विभाग के आला हुक्मरान पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए हैं। केंद्र सरकार ने आयुष्मान योजना के माध्यम से गरीबों को मुफ्त इलाज करने का प्लान बनाया और इसे साकार करने के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रत्येक सीएचसी में एक कार्यालय की स्थापना की। परंतु पैसे के लालच में आयुष्मान कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों की मनमानी के चलते यह योजना पूरी तरह से मटियामेट होते दिख रही है । सीएचसी शाहबाद पर फिलहाल प्रतिदिन ऐसे नजारे देखने को मिलते हैं। आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए इस सेंटर पर ऑपरेटर वैभव शुक्ला द्वारा आने वाले पात्रों से ₹100 प्रति आयुष्मान कार्ड वसूली किए जाने की खबरें मिली हैं। आयुष्मान कार्ड बनवाने गई कई महिलाओं ने बताया जब वह आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए कार्यालय पहुंची तो कंप्यूटर पर बैठे वैभव शुक्ला नाम के युवक ने अभद्रता का परिचय देते हुए बाहर निकलने को कहा। जब उन्होंने निवेदन किया तो आपरेटर ने ₹100 प्रति आयुष्मान कार्ड के मांगे। मोहल्ला दिलेरगंज निवासी नीता, गिगियानी निवासी माला, सैयदवाड़ा निवासी नन्ही देवी के अनुसार उक्त कंप्यूटर ऑपरेटर ने पैसे की मांग पूरी करने में असमर्थता व्यक्त करने के कारण उन्हें वहां से भगा दिया। कंप्यूटर ऑपरेटर की शिकायतें केवल इन्हीं महिलाओं को नहीं बल्कि यहां आने वाली अधिकांश महिलाओं को रहती है। कंप्यूटर ऑपरेटर महिलाओं से अभद्रता के साथ बात करता है जिससे महिलाओं में आक्रोश व्याप्त है। इसके पूर्व में कई महिलाएं कंप्यूटर ऑपरेटर को गाली गलौज कर मारपीट पर भी आमादा हो गई । परंतु बेशर्मी की हद पार कर चुका कंप्यूटर ऑपरेटर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। महिलाओं ने स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक, जिलाधिकारी हरदोई तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरदोई से लिखित शिकायत की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User