अजय विश्नोई ने नशे को लेकर अपनी ही सरकार को घेरा, लिखा ‘पूरी सरकार ही दंडवत है शराब ठेकेदारों के आगे’, अरुण यादव ने कहा ‘माफिया चला रहे हैं एमपी की सरकार’

Thursday, October 10, 2024 - 15:25
Updated: 2 years ago
0
अजय विश्नोई ने नशे को लेकर अपनी ही सरकार को घेरा, लिखा ‘पूरी सरकार ही दंडवत है शराब ठेकेदारों के आगे’, अरुण यादव ने कहा ‘माफिया चला रहे हैं एमपी की सरकार’

भोपाल (आरएनआई) ‘क्या करें, पूरी सरकार ही दंडवत है शराब ठेकेदारों के आगे’…ये कहना है पूर्व मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ विधायक अजय विश्नोई का। दरअसल मऊगंज से भाजपा विधायक प्रदीप पटेल का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो पुलिस अधिकारी के सामने साष्टांग लेटकर गुंडागर्दी की शिकायत कर रहे हैं। इसके बाद विश्नोई ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ये वीडियो शेयर करते हुए ये बात लिखी है।

‘उड़ता मध्यप्रदेश’ इस जुमले के साथ पिछले कुछ समय से कांग्रेस लगातार नशे को लेकर सरकार को घेरती आई है। ख़ुद मोहन कैबिनेट के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय खुलेआम पुलिस को नशे के कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दे चुके हैं। लेकिन नशे के कारोबार पर लगाम कसती नहीं दिख रही। अब हाल ही में भोपाल में एमडी ड्रग्स की बड़ी खेप पकड़ाने के बाद इस मुद्दे ने और ज़ोर पकड़ लिया है।

बीजेपी विधायक पुलिस के सामने दंडवत, अजय विश्नोई का सरकार पर आरोप 
मऊगंज से बीजेपी विधायक प्रदीप पटेल को अगर शराब माफिया और गुंडों से परेशान होकर पुलिस के सामने साष्टांग लेटना पड़े..तो स्थिति की गंभीरता समझी जा सकती है। ये वीडियो मीडिया में तेजी से प्रचारित हुआ और इसके बाद अब बीजेपी के वरिष्ठ नेता और विधायक अजय विश्नोई ने इसे अपने एक्स अकाउंट से शेयर किया है। उन्होंने कहा कि ‘प्रदीप जी आपने सही मुद्दा उठाया है, पर क्या करे पूरी सरकार ही दंडवत है शराब ठेकेदारों के आगे’। इस तरह विश्नोई खुलकर अपनी सरकार के ख़िलाफ़ सामने आ गए हैं। ये कोई पहली बार नहीं है जब अजय विश्नोई ने अपनी ही सरकार पर सवाल उठाया है। इससे पहले भी कई बार वो पार्टी को लेकर अपनी नाराजगी जता चुके हैं और अब शराब माफिया की गुंडागर्दी को लेकर एक बार वो फिर सरकार के सामने हैं।

अरुण यादव ने सरकार को घेरा
अजय विश्नोई की इस पोस्ट के कुछ ही देर बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण यादव ने इस मुद्दे पर ट्वीट किया है। उन्होंने विश्नोई की पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है कि ‘मप्र की भाजपा सरकार शराब ठेकेदारों के आगे दंडवत है, यह हम नहीं भाजपा सरकार के ही कुछ विधायक साथी खुलकर एवं बहुत सारे विधायक दबी जबान बोल रहे हैं। कांग्रेस लगातार बोल रही है कि मप्र की सरकार माफिया चला रहे हैं एवं हर तरह का माफिया प्रदेश में सक्रिय है।’ इस तरह अब कांग्रेस ने बीजेपी नेता का हवाला देते हुए अपने आरोप दोहराए हैं। एमडी ड्रग्स फैक्ट्री मामले में जीतू पटवारी पहले ही आरोपी हरीश आंजना के उपमुख्यमंत्री से करीबी संबंध होने का आरोप लगाकर जगदीश देवड़ा का इस्तीफा माँग चुके हैं।

बीजेपी नेताओं के अपनी ही पार्टी के ख़िलाफ़ जाने के पीछे क्या है कारण 
बता दें कि तीन दिन पहले बीजेपी के सबसे वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव ने भी बच्चियों पर हो रहे अनाचार का मुद्दा उठाया था और अब अजय विश्नोई शराब व्यापारियों के ख़िलाफ़ खुलकर सामने आ गए हैं। हालांकि नशे का कारोबार इस समय मध्य प्रदेश में एक बड़ा मुद्दा है और इसे लेकर सवाल उठना भी लाज़मी है। लेकिन जब अजय विश्नोई जैसे वरिष्ठ बीजेपी नेता सोशल मीडिया के ज़रिए अपनी सरकार पर सवाल खड़े करें तो उसके कुछ दूसरे अर्थ भी निकलते हैं। गोपाल भार्गव, अजय विश्नोई, भूपेंद्र सिंह सहित कई पुराने नेताओं की अपनी ही पार्टी को लेकर नाराजगी की बात छिपी नहीं। अक्सर किसी न किसी बहाने ये मुद्दा छिड़ ही जाता है और एक बार फिर विश्नोई की इस पोस्ट ने बीजेपी में अंदरूनी कलह की अटकलों को हवा दे दी है।


Follow  RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User