महिला आरक्षण पर बढ़ा घमासान: राहुल गांधी का सरकार से सीधा सवाल; तीन साल बाद भी क्यों नहीं लागू हुआ कानून?
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की उस चुनौती का जवाब दिया, जिसमें उन्होंने कांग्रेस से महिला आरक्षण विधेयक को बिना शर्त समर्थन देने को कहा था। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार से सवाल किया कि 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून अब तक लागू क्यों नहीं हुआ और इसकी प्रक्रिया को लोकसभा परिसीमन से क्यों जोड़ा जा रहा है।
राहुल गांधी ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023’ को बिना किसी शर्त के लागू करने की मांग दोहराई। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि महिला आरक्षण विधेयक 2023 कांग्रेस के पूरे समर्थन से सर्वसम्मति से पारित हो चुका है। उन्होंने सवाल उठाया कि तीन साल बाद भी इसे लागू क्यों नहीं किया गया और अब इसे परिसीमन से क्यों जोड़ा जा रहा है।
इससे पहले केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के महिलाओं की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़े बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस से महिला आरक्षण विधेयक का बिना शर्त समर्थन करने की मांग की थी। रिजिजू ने कहा था कि राहुल गांधी की महिलाओं के प्रति सोच में बदलाव दिखाई दे रहा है और उन्हें उम्मीद है कि कांग्रेस पार्टी अब विधेयक का बिना शर्त समर्थन करेगी।
महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों ने विधेयक का समर्थन किया है, लेकिन वे परिसीमन की प्रक्रिया से इसे जोड़ने का विरोध करते रहे हैं। विपक्ष की मांग है कि महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को परिसीमन पूरा होने की शर्त से अलग किया जाए और इसे बिना किसी अतिरिक्त शर्त के लागू किया जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)