वृंदावन में 4 छात्रों की मौत मामले में रिपोर्ट दर्ज, गुरुकुल संचालक गिरफ्तार
वृंदावन, 8 अक्टूबर। चैतन्य विहार स्थित पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में पानी के टैंक की सफाई के दौरान चार छात्रों की मौत के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मृतक छात्र विशु शर्मा के पिता मोहित शर्मा की तहरीर पर गुरुकुल संचालक आचार्य आशीष शर्मा और अन्य अज्ञात आचार्यों के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 और 110 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटना के बाद से फरार चल रहे गुरुकुल संचालक को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार रात गुरुकुल परिसर में करीब 12 फीट गहरे और लंबे समय से बंद पड़े पानी के टैंक की सफाई के दौरान हादसा हुआ था। आरोप है कि छात्रों को टैंक की सफाई के लिए अंदर उतारा गया था। टैंक के भीतर जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण छात्रों की हालत बिगड़ गई। हादसे में जबलपुर निवासी मनु कटारे, मेरठ निवासी विशु शर्मा, कौशांबी निवासी आर्यन पांडेय और मध्य प्रदेश निवासी देवांश की मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र की हालत बिगड़ने पर उसका उपचार कराया गया।

मृतक छात्र के पिता ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि गुरुकुल संचालक और वहां कार्यरत आचार्यों ने छात्रों पर टैंक की सफाई करने का दबाव बनाया और उन्हें बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के अंदर भेजा। पुलिस अब इन आरोपों की जांच कर रही है। घटना के बाद संचालक और कुछ अन्य कर्मी मौके से फरार हो गए थे।

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव की कार्रवाई कर छात्रों को अस्पताल पहुंचाया था। मामले की जांच के साथ यह भी देखा जा रहा है कि छात्रों को टैंक में किस परिस्थिति में उतारा गया और वहां सुरक्षा के क्या इंतजाम मौजूद थे।

सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि मृतक छात्र के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है और गुरुकुल संचालक आशीष शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है और उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद गुरुकुल में रह रहे अन्य छात्रों के परिजन भी चिंतित हैं। कई परिवार अपने बच्चों को गुरुकुल से वापस ले जा रहे हैं। घटना ने गुरुकुल में छात्रों की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब पुलिस और प्रशासन की जांच पूरी होने के बाद सामने आएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)