खरगे-राहुल के साथ विपक्षी सांसद राजघाट पहुंचे; भाजपा बोली- फैला रहे अराजकता

Thursday, October 8, 2026 - 17:54
0
खरगे-राहुल के साथ विपक्षी सांसद राजघाट पहुंचे; भाजपा बोली- फैला रहे अराजकता

नई दिल्ली। चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन गुरुवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्षी सांसदों के लिए एक बार फिर लंच बैठक आयोजित की। इसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत इंडिया गठबंधन के सांसद राजघाट के लिए रवाना हुए और वहां शांतिपूर्ण धरना देने की बात कही।

लंच बैठक दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित मोएट्स में आयोजित की गई, जिसमें इंडिया गठबंधन के विभिन्न दलों के सांसद शामिल हुए। बैठक के बाद विपक्षी सांसद बसों के जरिए राजघाट पहुंचे। खरगे ने कहा कि सांसद महात्मा गांधी के स्मारक पर शांतिपूर्वक बैठकर प्रार्थना करेंगे। राहुल गांधी ने भी विपक्ष को प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिए जाने का आरोप लगाया और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर सवाल उठाए।

विपक्षी दलों की मुख्य मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर जवाब की है। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता अधिकारों से जुड़े गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। निर्वाचन आयोग और भाजपा इन आरोपों को खारिज करते रहे हैं।

इस बीच दिल्ली पुलिस ने राजघाट पर सभा और जमावड़े पर रोक लगाई थी। इसके बावजूद विपक्षी सांसदों के वहां पहुंचने से राजनीतिक तनाव बढ़ गया। इससे पहले भी दिल्ली में विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में लिया था।

भाजपा ने विपक्ष के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी दल देश में अराजकता का माहौल पैदा कर रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने विपक्ष के आंदोलन को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। वहीं, विपक्ष का कहना है कि वह चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही के लिए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User