JPSC परीक्षा पर बवाल: धांधली के आरोपों के बीच हजारों छात्रों का प्रदर्शन, CBI जांच की मांग
देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर जारी बहस के बीच झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार को छात्रों ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्रों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट चौक तक मार्च निकालकर 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और पूरे मामले की CBI जांच की मांग की।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भर्ती परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही कथित अनियमितताओं से युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने सरकार और आयोग से परीक्षा प्रणाली में सुधार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और अभ्यर्थियों के साथ न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
छात्राओं ने लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन में शामिल छात्रा खुशी कुमारी ने कहा कि उनकी सबसे बड़ी मांग है कि लोक सेवा आयोग की परीक्षाएं पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराई जाएं। एक अन्य छात्रा ने आरोप लगाया कि JPSC की भर्ती प्रक्रिया धांधली से प्रभावित रही और कुछ लोगों को पहले से चयनित अभ्यर्थियों की जानकारी थी। धनबाद से परीक्षा देने आई छात्रा फाल्गुनी ने भी 14वीं JPSC परीक्षा में कई अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की CBI जांच की मांग दोहराई।
भाजपा ने भी उठाए सवाल
इस बीच झारखंड भाजपा के प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने आरोप लगाया कि JPSC प्रारंभिक परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है। उन्होंने दावा किया कि परीक्षा में सीटें करोड़ों रुपये में बेचे जाने के आरोप सामने आए हैं। भाजपा नेता ने कहा कि सीआईडी सहायक परीक्षा नियंत्रक समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से इस मुद्दे पर जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामले पर सरकार को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)