आधार से आयु सत्यापन लागू करने की मांग, यूपीसीए पर बीसीसीआई के निर्देशों के पालन का सवाल

Saturday, September 12, 2026 - 14:53
0
आधार से आयु सत्यापन लागू करने की मांग, यूपीसीए पर बीसीसीआई के निर्देशों के पालन का सवाल

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) में खिलाड़ियों की आयु सत्यापन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए गए हैं। गोरखपुर के परसपुरा, उनवल निवासी उपेंद्र यादव ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव को पत्र भेजकर यूपीसीए में आधार आधारित आयु सत्यापन प्रणाली को तत्काल लागू कराने की मांग की है। पत्र 11 सितंबर 2026 को भेजा गया है।

पत्र में कहा गया है कि आयु-वर्ग क्रिकेट में आयु संबंधी धोखाधड़ी रोकने के लिए बीसीसीआई द्वारा उठाए गए कदम महत्वपूर्ण हैं। पंजीकरण से पहले खिलाड़ियों के आधार अपडेट के पिछले एक वर्ष के इतिहास की समीक्षा करने की व्यवस्था को इसी दिशा में प्रभावी कदम बताया गया है। पत्र में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल द्वारा अपनाई गई प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि वहां इस व्यवस्था के परिणामस्वरूप 62 खिलाड़ियों को आयु संबंधी अनियमितताओं के कारण चिन्हित किया गया।

उपेंद्र यादव ने चिंता जताई कि बीसीसीआई के निर्देशों के बावजूद यूपीसीए में आगामी खिलाड़ी चयन के लिए आधार आधारित आयु सत्यापन प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं की गई है। उनके अनुसार इससे वास्तविक आयु वाले योग्य खिलाड़ियों के लिए निर्धारित अवसर प्रभावित होने की आशंका है और चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े हो सकते हैं।

पत्र में मांग की गई है कि यूपीसीए वर्ष 2026-27 सत्र के लिए अंडर-19, अंडर-23 और अन्य आयु-वर्ग प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों का आधार आधारित आयु सत्यापन तत्काल शुरू करे। साथ ही निर्धारित समय-सीमा में अनुपालन रिपोर्ट बीसीसीआई को भेजने तथा सत्यापित खिलाड़ियों और अयोग्य पाए गए खिलाड़ियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का विवरण उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

उपेंद्र यादव ने यह भी आग्रह किया है कि यूपीसीए क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के समान कड़े मानदंड अपनाए, जिनमें पंजीकृत डिजिटल जन्म प्रमाणपत्र और आधार अपडेट इतिहास की गहन जांच शामिल हो। उन्होंने बीसीसीआई से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर यूपीसीए को आवश्यक निर्देश देने की अपील की है, ताकि उत्तर प्रदेश में आयु-वर्ग क्रिकेट की चयन प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User