देहरादून में बारिश का कहर: बरसाती बहाव में बही कार, युवक और युवती की मौत, एक घायल बचाई गई
देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात तेज बरसाती बहाव के कारण एक क्रेटा कार अनियंत्रित होकर पानी में बह गई। हादसे के समय कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। घटना के बाद एसडीआरएफ ने पूरी रात सर्च और रेस्क्यू अभियान चलाया, जिसमें एक युवती को घायल अवस्था में सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि युवक और दूसरी युवती के शव बरामद किए गए।
हादसा थाना प्रेमनगर क्षेत्र के लोअर कंडोली, पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास हुआ। देर रात पुलिस को सूचना मिली कि तेज बारिश के कारण एक कार बरसाती बहाव में बह गई है। सूचना मिलते ही डाकपत्थर से अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और अंधेरे व तेज पानी के बहाव के बीच तलाश अभियान शुरू किया।
एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर एक युवती सहज पुत्री गुलशन बवेजा को घायल अवस्था में बरामद किया। जवानों ने उसे सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए भेजा गया।
सर्च अभियान आगे भी जारी रहा और कड़ी मशक्कत के बाद जयपुर निवासी अक्षय (20) पुत्र मुकेश तथा एक अन्य युवती का शव बरामद कर लिया गया। दोनों शवों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
तेज बारिश और उफनते बरसाती नाले के कारण हुए इस हादसे से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। खराब मौसम के बावजूद एसडीआरएफ की टीम ने लगातार रातभर अभियान चलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया। पुलिस घटना की आगे की जांच में जुटी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)