NEET-UG विवाद पर दिग्विजय सिंह का पीएम मोदी को पत्र, परीक्षाओं में अनियमितताओं पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग
नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष Digvijaya Singh ने नीट-यूजी परीक्षा विवाद को लेकर प्रधानमंत्री Narendra Modi को पत्र लिखकर पिछले आठ वर्षों में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं और पेपर लीक मामलों पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है।
दिग्विजय सिंह ने अपने पत्र में कहा कि नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों छात्र मानसिक तनाव और अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं। उनका कहना है कि छात्रों के बीच सबसे बड़ी चिंता यह है कि पूर्व में सामने आए प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा अनियमितताओं के मामलों में जांच एजेंसियों द्वारा क्या कार्रवाई की गई और उन मामलों का अंतिम परिणाम क्या रहा।
उन्होंने लिखा कि वर्तमान में प्रश्नपत्र लीक से जुड़े मामलों पर सीबीआई और अन्य केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई का कोई समेकित सार्वजनिक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। आधिकारिक जानकारी के अभाव में अफवाहों और अपुष्ट रिपोर्टों को बढ़ावा मिला है, जिससे छात्रों का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कमजोर हुआ है।
राज्यसभा सांसद ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि एनटीए द्वारा आयोजित परीक्षाओं में पिछले वर्षों के सभी पेपर लीक और अनियमितताओं का दस्तावेजीकरण करते हुए एक विस्तृत श्वेत पत्र जारी किया जाए। उनका मानना है कि जांच की स्थिति और की गई कार्रवाई को सार्वजनिक करने से पारदर्शिता बढ़ेगी तथा छात्रों और अभिभावकों का परीक्षा व्यवस्था पर विश्वास मजबूत होगा।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि ऐसे समय में, जब लाखों छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं, सरकार की जिम्मेदारी है कि वह तथ्यों को सामने रखे और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



