500 करोड़ का पोंजी घोटाला उजागर: निवेशकों का पैसा उड़ाया, गोवा में खरीदी यॉट; ED की बड़ी कार्रवाई
निवेशकों के साथ बड़े स्तर पर धोखाधड़ी और धन के गबन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई शहरों में छापेमारी की है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से 500 करोड़ रुपये से अधिक की आपराधिक आय अर्जित कर उसे फर्जी और बेनामी खातों के जरिए घुमाया।
यह पूरा मामला 32 एवेन्यू ग्रुप और इसके प्रमोटर-डायरेक्टर अनुभव शर्मा, ध्रुव शर्मा समेत अन्य से जुड़ा है। आरोप है कि इन्होंने भोले-भाले निवेशकों को झांसा देकर उनका पैसा हड़प लिया और विलासितापूर्ण जीवन जीने में खर्च किया। गुरुग्राम में आलीशान अपार्टमेंट खरीदने के साथ-साथ गोवा में करोड़ों की यॉट भी खरीदी गई।
ईडी ने दिल्ली-एनसीआर, गोवा, जयपुर और मुंबई में कुल सात ठिकानों पर दो दिन तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान 1.05 करोड़ रुपये नकद, करीब 1.5 करोड़ रुपये के सोने और आभूषण जब्त किए गए। कई बैंक खातों को फ्रीज किया गया है और अहम दस्तावेज व डिजिटल उपकरण भी कब्जे में लिए गए हैं।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों ने वर्चुअल कमर्शियल स्पेस बेचने के नाम पर पोंजी स्कीम चलाई। पहले निवेशकों को आकर्षक रिटर्न का लालच दिया गया, फिर उसी संपत्ति को कई लोगों को बेचकर धोखाधड़ी की गई। इस तरह एक संगठित फर्जी नेटवर्क के जरिए बड़े पैमाने पर आम लोगों को ठगा गया।
हरियाणा पुलिस ने इस मामले में ध्रुव शर्मा और शिरीन शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी अनुभव शर्मा और ममता शर्मा फरार बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसियां अब इस घोटाले से जुड़ी और संपत्तियों व नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)