48 घंटे में सुरसा हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, आला कत्ल बरामद
हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का बांका भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि थाना सुरसा क्षेत्र के ग्राम जीतुपुरवा (मजरा खजराहा) निवासी सोहित कुमार (पुत्र कोमिल) पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान सामने आया कि घटना से पहले गांव के ही अमर सिंह (पुत्र रामस्वरूप) और जितेन्द्र (पुत्र परशुराम) के साथ शराब के नशे में कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों ने लोहे के बांके से सोहित पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वैज्ञानिक एवं अन्य साक्ष्य जुटाए। विवेचना के दौरान भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(2) भी बढ़ाई गई। इसके बाद पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर रविवार को दोनों नामजद आरोपियों जितेन्द्र पुत्र परशुराम एवं अमर सिंह पुत्र रामस्वरूप, निवासी ग्राम जीतुपुरवा, थाना सुरसा, जनपद हरदोई को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का बांका भी बरामद किया गया, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विश्वास शर्मा, उपनिरीक्षक मोहम्मद फहीम खां, कांस्टेबल युवराज सिंह यादव, कांस्टेबल महेंद्र यादव एवं कांस्टेबल विशाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)