27 साल बाद चुनाव आयोग का राष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलन, चुनावी सुधारों और तकनीकी समन्वय पर होगा मंथन

Tuesday, February 24, 2026 - 12:01
0
27 साल बाद चुनाव आयोग का राष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलन, चुनावी सुधारों और तकनीकी समन्वय पर होगा मंथन

नई दिल्ली (आरएनआई)। भारतीय चुनाव आयोग मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में राष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। यह सम्मेलन कई मायनों में ऐतिहासिक है, क्योंकि इस स्तर का आयोजन 27 वर्षों बाद हो रहा है। इससे पहले आखिरी बार वर्ष 1999 में ऐसा सम्मेलन आयोजित किया गया था।

इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के निर्वाचन आयुक्त भाग ले रहे हैं। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य चुनावी प्रक्रियाओं और व्यवस्थाओं को लेकर भारतीय चुनाव आयोग तथा राज्य निर्वाचन आयोगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि चुनाव संचालन को और अधिक पारदर्शी, सुदृढ़ और भरोसेमंद बनाया जा सके।

सम्मेलन की अध्यक्षता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार कर रहे हैं। इस अवसर पर चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी भी मौजूद रहेंगे। बैठक में राज्य चुनाव आयुक्तों के साथ उनके कानूनी और तकनीकी विशेषज्ञों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा, सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारी भी सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं।

चुनाव आयोग के अनुसार, सम्मेलन में राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय चुनाव निकायों के बीच सहयोग को मजबूत करने और चुनाव संचालन में सहकारी संघवाद की भावना को और प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। चर्चा के दौरान तकनीकी प्रक्रियाओं के आदान-प्रदान, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के उपयोग, मतदाता सूची की सटीकता और मजबूती जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श होगा।

सम्मेलन के दौरान आयोग के वरिष्ठ अधिकारी हाल ही में लॉन्च किए गए डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘ईसीआईनेट’ (ECINET) पर प्रस्तुति देंगे और ईवीएम की पारदर्शिता तथा सुरक्षा से जुड़े पहलुओं को भी विस्तार से साझा करेंगे। संविधान के 73वें और 74वें संशोधन के तहत गठित राज्य चुनाव आयोगों की भूमिका को और प्रभावी बनाने की दिशा में यह सम्मेलन चुनाव प्रबंधन के प्रशासनिक, कानूनी और तकनीकी पहलुओं पर संस्थागत संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होने की उम्मीद है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User