24 घंटे में योगी का तीसरा अल्टीमेटम, बोले- दंगा किया तो जहन्नुम...गजवा-ए-हिंद पर दूंगा नरक का टिकट

सीएम योगी आदित्यनाथ ने देवीपाटन मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद चना... गुड़ और रोटियां खिलाकर गोसेवा की। श्रद्धालुओं से भी मुलाकात की। इस दौरान मंच से सीएम ने एक बार फिर दंगाइयों को खुले शब्दों में चेतावनी दी।

Sep 28, 2025 - 15:38
 0  270
24 घंटे में योगी का तीसरा अल्टीमेटम, बोले- दंगा किया तो जहन्नुम...गजवा-ए-हिंद पर दूंगा नरक का टिकट

बलरामपुर (आरएनआई) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बलरामपुर के दौरे पर हैं। यहां उन्होंने बरेली बवाल पर 24 घंटे में तीसरी बार दंगाइयों को अल्टीमेटम दिया। कहा कि यूपी में अराजकता और दंगा करने वालों को जहन्नुम का टिकट दूंगा। गजवा-ए-हिंद की कल्पना पर नरक का टिकट मिलेगा। भारत में उन महान आत्माओं के आदर्श चलेंगे, जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपना बलिदान दिया।

लोगों को संबोधित करते हुए सीएम ने एक बार फिर प्रदेश में अराजकता और दंगा फैलाने वालों को चेतावनी दी। कहा कि यूपी में ऐसा करने की हिम्मत की तो जहन्नुम का टिकट दूंगा। बरेली का हवाला देते हुए सबक लेने की नसीहत दी। उन्होंने छांगुर की कालनेमि राक्षस से तुलना करते हुए कहा कि विकास में बाधा डालने वाले राक्षसों का विनाश होगा। सपा और कांग्रेस के अराजकतत्वों से मिले होने की बात कही।

सीएम ने कहा कि कुछ लोग भारत में रहते हैं, लेकिन गजवा-ए-हिंद का नारा लगाकर देश के भीतर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं। भारत की धरती पर ये नहीं होगा। भारत की धरती महान आत्माओं की भूमि है। यहां उन महान आत्माओं के आदर्श चलेंगे, जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपना बलिदान दिया है। गजवा-ए-हिंद की कल्पना करना, इसके बारे में सपना देखना भी नरक का टिकट बन जाएगा। जो लोग ऐसी गतिविधियों में लगे हैं, वे कान खोलकर सुन लें। देर-सवेर उनका भी हश्र छांगुर जैसा ही होगा।

सीएम ने आगे कहा कि किसी को प्रदेश का माहौल खराब करने की इजाजत नहीं हैं। कुछ लोग नए हथकंडे अपना रहे हैं। लेकिन, उन्हें याद रखना चाहिए कि हम उनकी सोच से कहीं ज़्यादा तैयार हैं। उन्हें वैसे ही पीटा जाएगा जैसे बरेली में पीटा गया। ये मूर्ख यह भी नहीं जानते कि आस्था के प्रतीकों का सम्मान किया जाता है। आस्था कोई चौराहे पर दिखाने की चीज नहीं है। 

उन्होंने कहा कि कुछ लोग छोटे-छोटे बच्चों को 'आई लव मोहम्मद' के पोस्टर देकर समाज में अराजकता फैला रहे हैं। उन्हें यह एहसास भी नहीं कि उनकी अपनी ज़िंदगी तो बर्बाद हो ही चुकी है। अब वे इन बच्चों की ज़िंदगी भी बर्बाद करने पर तुले हुए हैं। लेकिन, सरकार इस तरह की अराजकता को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। जो कोई भी कानून अपने हाथ में लेने की कोशिश करेगा, उसे पहले ही बता दिया जाएगा कि हम बिना पूछे उसे नरक का टिकट दे देंगे।

इससे पहले सीएम ने रविवार की सुबह देवीपाटन मंदिर में मां पाटेश्वरी के दर्शन कर उनके पांव पखारे। इसके बाद आरती की। यहां से वह गोशाला पहुंचे। वहां पर गायों को चना... गुड़ और रोटियां खिलाकर गोसेवा की। इसके बाद मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं से बातचीत की। 

वह मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं से मुलाकात करके बच्चों से भी मिले। बच्चों को टाफियां देकर उन्हें दुलार किया और खूब मन लगाकर पढ़ने को कहा। इस दौरान मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ योगी, कालीबाड़ी मंदिर गोरखपुर के महंत रवींद्र दास भी मौजूद रहे। बताते चलें कि सीएम शनिवार की रात यहां पहुंचे थे। उस समय मंदिर में दर्शन करके विश्राम को चले गए थे। उन्होंने रात्रि विश्राम यहीं मंदिर में ही किया था। 

मंदिर से निकलने के बाद सीएम धूधुलपुर में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने सरकारी योजनाओं पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके साथ ही 826 करोड़ की 124 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज का उद्घाटन किया। 2047 में विकसित भारत के लिए आम लोगों से सुझाव भी मांगे।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.