150 किमी/घंटा की रफ्तार में यूट्यूबर अनुराग डोभाल का लाइव क्रैश, हालत गंभीर
नई दिल्ली/गाजियाबाद (आरएनआई) लोकप्रिय मोटोलॉगर अनुराग डोभाल, जिन्हें सोशल मीडिया पर UK07 Rider के नाम से जाना जाता है, ने शनिवार को इंस्टाग्राम लाइव के दौरान 150 किमी/घंटा से अधिक रफ्तार में अपनी एसयूवी को डिवाइडर से टकरा दिया। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया गया कि Bigg Boss 17 के पूर्व प्रतिभागी अनुराग डोभाल दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर गाड़ी चलाते हुए इंस्टाग्राम पर लाइव थे। इस दौरान वह भावुक नजर आए और अपनी मां से प्यार न मिलने की बात कहते हुए रो पड़े। लाइव वीडियो में वह करीब 150 किमी/घंटा की रफ्तार से गाड़ी चलाते दिखाई दिए।
लाइव के दौरान करीब 82 हजार लोग उन्हें देख रहे थे। वीडियो में उन्होंने कहा, “लेट्स गो फॉर फाइनल ड्राइव,” जिसके बाद कैमरा स्पीडोमीटर और सड़क की ओर घुमा दिया। कुछ ही देर बाद उन्होंने गाड़ी तेज मोड़ते हुए डिवाइडर से टकरा दी।
हादसा गाजियाबाद के मसूरी क्षेत्र में हुआ। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अनुराग डोभाल को तुरंत सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
परिवार से विवाद और मानसिक तनाव
हादसे से कुछ दिन पहले अनुराग डोभाल ने एक वीडियो पोस्ट कर आरोप लगाया था कि उनकी अंतरजातीय शादी के कारण परिवार उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है।
वीडियो में उन्होंने बताया था कि पिछले साल मई में उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड रितिका से शादी की थी, लेकिन परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया। उनके अनुसार, परिवार ने उन्हें रिश्तेदारों के सामने माफी मांगने के लिए मजबूर किया और घर में रहने की अनुमति भी नहीं दी।
अनुराग ने वीडियो में यह भी कहा था कि लगातार तनाव के कारण वह गहरे अवसाद में हैं और कई बार आत्महत्या के बारे में भी सोच चुके हैं।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े वीडियो व अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)