स्वतंत्रता दिवस पर गूगल डूडल में भारत की परंपरा और उपलब्धियों का रंगीन संगम
भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर गूगल ने पारंपरिक टाइल डिजाइनों से प्रेरित खास डूडल पेश किया। इसमें जयपुर ब्लू पॉटरी, पश्चिम बंगाल की टेराकोटा कला और भारत की अंतरिक्ष, क्रिकेट, शतरंज व सिनेमा उपलब्धियों की झलक है।
नई दिल्ली (आरएनआई) भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर सर्च इंजन गूगल ने देश की कला, संस्कृति और उपलब्धियों को समर्पित एक खास डूडल जारी किया। इस बार का डूडल भारत के पारंपरिक टाइल डिजाइनों से प्रेरित है, जिसमें जयपुर की ब्लू पॉटरी से लेकर पश्चिम बंगाल की टेराकोटा कला तक की झलक दिखाई गई है।
गूगल डूडल में 'GOOGLE' के अक्षर छह अलग-अलग क्षेत्रों की टाइल्स से बनाए गए हैं। पहले अक्षर 'G' को जयपुर की ब्लू पॉटरी शैली में सजाया गया है, जिसमें खूबसूरत फूलों का डिजाइन है। दूसरी टाइल में फूलों के पैटर्न के साथ अंतरिक्ष यान की तस्वीर है, जो भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों को दर्शाती है। तीसरी टाइल में पारंपरिक डिजाइन के बीच क्रिकेट बॉल और दो बल्ले बने हैं, जो भारत के क्रिकेट गौरव का प्रतीक हैं।
चौथी टाइल में भारत की एक और पारंपरिक शैली को दर्शाया गया है, जबकि पांचवीं टाइल में शतरंज की गोटी बनी है, जो भारत की शतरंज में सफलता को दिखाती है। आखिरी टाइल में फिल्म रील की तस्वीर है, जो भारतीय सिनेमा की अंतरराष्ट्रीय पहचान को उजागर करती है। ये डूडल बूमरैंग स्टूडियो के कलाकार मकरंद नारकर और सोनल वसावे ने तैयार किया है।
गूगल डूडल पेज पर बताया गया है कि यह कलाकृति भारत की स्वतंत्रता और विविध सांस्कृतिक धरोहर को सलाम करती है। 15 अगस्त 1947 को भारत ने लगभग 200 वर्षों की ब्रिटिश हुकूमत से आजादी पाई थी। यह आजादी महात्मा गांधी जैसे नेताओं के नेतृत्व में चले अहिंसक आंदोलनों और जनसंघर्ष का परिणाम थी। इतना हीं नहीं, इस आजादी के लिए कई वीर और शहीदों ने अपने प्राण हंसते-हंसते न्योछावर कर दिए।
स्वतंत्रता दिवस पर पूरे देश में ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति गीतों की गूंज सुनाई देती है। सड़कों, घरों और स्कूलों में तिरंगा लहराता है। लोग पतंगबाजी करते हैं, जो आजादी और उम्मीद का प्रतीक है। गूगल का यह डूडल न केवल कला का नमूना है बल्कि यह भारत की एकता, विविधता और उपलब्धियों का जीवंत चित्र भी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



