सोनम वांगचुक ने सरकार को दिलाया वादा याद, कहा- छात्रों पर FIR न हो, भरोसा ही महान भारत की नींव
नई दिल्ली। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने संसद में सार्वजनिक परीक्षा (संशोधन) विधेयक पेश किए जाने का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे देश की परीक्षा व्यवस्था के साथ-साथ शिक्षा प्रणाली में भी व्यापक सुधार होगा। उन्होंने सरकार से हाल के छात्र आंदोलनों के दौरान दिए गए लिखित आश्वासन का सम्मान करने और प्रदर्शन में शामिल छात्रों के खिलाफ किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई या एफआईआर दर्ज न करने की अपील की।
वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में कहा कि सरकार ने आंदोलन समाप्त होने के बाद उनसे और कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के साथ हुए समझौते के तहत लिखित रूप से आश्वासन दिया था कि प्रदर्शन में शामिल छात्रों पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होगी और उनके खिलाफ कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की जाएगी। उन्होंने सरकार से इस वादे पर कायम रहने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि सरकार और युवाओं के बीच विश्वास का संबंध मजबूत होना बेहद जरूरी है। उनके अनुसार, यही विश्वास एक "महान राष्ट्र और महान भारत" के निर्माण की आधारशिला है। वांगचुक ने कहा कि यदि सरकार अपने लिखित आश्वासनों का पालन करती है तो इससे युवाओं का लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत होगा।
अपने संदेश में वांगचुक ने दिल्ली से श्रीनगर तक वंदे भारत ट्रेन से की गई यात्रा का भी उल्लेख किया। उन्होंने चेनाब रेल पुल को पार करने के अनुभव को बेहद शानदार बताया और भारतीय रेलवे की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वह और उनकी टीम लद्दाख जाने से पहले एक दिन कश्मीर में रुकेंगे।
वांगचुक की यह अपील ऐसे समय में सामने आई है जब सीजेपी लगातार मांग कर रहा है कि सार्वजनिक परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर हुए छात्र आंदोलन में शामिल छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ किसी भी प्रकार का आपराधिक मामला दर्ज न किया जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)